पूर्वी चंपारण,19अगस्त।जिले के साइबर थाना पुलिस ने डीएसपी अभिनव पराशर के नेतृत्व में एक बड़े साइबर फ्राॅड गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के 6 सदस्यो को गिरफ्तार किया है।ये सभी डिजिटल अरेस्ट के द्धारा साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।
चकिया के छह साइबर पकड़े गए अपराधियों में चकिया थाना क्षेत्र के दिलशान अहमद,आसिक जमाल,शिभु तिवारी,संदीप कुमार,रवि रंजन कुमार और इरशाद शामिल है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार सभी अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे बिजली बिल अपडेट करने, लोन दिलाने और पुलिस बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों से ठगी करते थे,साथ ही यह लोग फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को झांसे में लेकर बिजली बिल अपडेट, लोन सुविधा और पुलिसिया कार्रवाई की धमकी देकर ठगी को अंजाम देते थे।
साइबर डीएसपी के अनुसार इनके पास से बरामद मोबाइल की जांच में व्हाटसअप और क्यूआर कोड से कई बैंक खाते से संदिग्ध लेनदेन के सबूत मिले हैं।पकड़े गये लोगो के निशानदेही पर अब तक इस गिरोह के 12 सदस्यों की पहचान की जा चुकी है,जिसमे कुछ अपराधी राज्य से बाहर रहकर ठगी को अंजाम देकर ठगी के पैसे अपने साथियों के खातों में भेजते थे।
गिरफ्तार अपराधियों के विरूद्ध मोतिहारी साइबर थाना में आईटी एक्ट के तहत कांड संख्या 132/25 दर्ज कर अग्रतर कारवाई की जा रही है।पुलिस इनके पास से 9 मोबाइल फोन,2 एटीएम कार्ड, 2 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, एक बायोमेट्रिक मशीन और एक क्यूआर स्कैनर सहित कई डिजिटल दस्तावेज बरामद किया हैं। पुलिस इस गिरोह के अन्य के विरूद्ध छापेमारी में जुटी है।
छापेमारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक अभिनव पराशर के अलावे इंस्पेक्टर मुमताज आलम, राजीव कुमार सिन्हा, मनीष कुमार,नवीन कुमार, उप-निरीक्षक सौरभ आजाद, प्रियंका कुमारी व सशस्त्र बल शामिल थे।
