निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में बुधवार को कविता पाठ के दौरान 70 वर्षीय कवि की कर्डिएक अरेस्ट से मौत हो गई। कविता पाठ के दौरान वह असहज हुए और मंच से अचानक गिर पड़े। लोगों ने तुरंत उन्हें संभालकर इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया। टीकमगढ़ निवासी सत्यप्रकाश खरे ‘सत्य-सुधा’ 14 जनवरी को पृथ्वीपुर में काव्य गोष्ठी में शामिल होने आए थे। वे मंच से अपनी कविता सुना रहे थे, तभी अचानक उनकी आवाज धीमी पड़ने लगी। कुछ ही पलों में वे असहज हुए और मंच पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आयोजकों और उपस्थित लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की। उन्हें संभालकर इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट बताया है। कवियों और साहित्यकारों ने दी श्रद्धांजलि
घटना के बाद निवाड़ी और टीकमगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। कई कवियों, साहित्यकारों और सामाजिक लोगों ने सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सत्यप्रकाश खरे ‘सत्य-सुधा’ साहित्य जगत का जाना-पहचाना नाम थे। वे एक संवेदनशील कवि होने के साथ-साथ रिटायर्ड एलआईसी अधिकारी भी थे। टीकमगढ़ में उनकी अलग पहचान थी और वे अपनी सरलता और सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
कविता पाठ के दौरान कवि को कार्डिएक अरेस्ट, मौत:पृथ्वीपुर में मंच से अचानक गिरे रिटायर्ड LIC अधिकारी; मौके पर ही दम तोड़ा
