प्रधानमंत्री सोमवार को दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे

Spread the love

वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं को कार्यालय निर्माण पूर्ण होने पर बधाई दी और कहा की 9 जून 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस कार्यालय का भूमि पूजन किया था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब हमारे कार्यालय का उद्घाटन करेंगे वह पल एक ऐतिहासिक पल होगा। उन्होंने बताया कि भाजपा की स्थापना के बाद पहला कार्यालय अजमेरी गेट में खुला और कुछ समय रकाबगंज रोड़ पर रहने के बाद कार्यालय लगभग 35 वर्ष से 14 पंडित पंत मार्ग से चला और कल दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर पार्टी के अपने भवन में पहुंचा है। यह सफर काफी संघर्ष पूर्ण लेकिन शानदार रहा।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ” भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एवं भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आभारी हैं। उनके संगठन को सशक्त करने की दूरदर्शी योजना के अंतर्गत देश के हर राज्य की राजधानी एवं जिले में पार्टी के निजी कार्यालय के निर्माण का लक्ष्य तय हुआ। उन्होंने बताया कि आज हमारे सभी 14 संगठनात्मक जिलों के पास अपने निजी संगठन कार्यालय हैं।”

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा, ” हमने अपने नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद से और कार्यकर्ताओं की इच्छा शक्ति एवं उत्साह के बल पर आज चुनौतीपूर्ण संघर्ष के बाद कार्यालय का निर्माण पूरा किया है।