प्रधानमंत्री मंगलवार को आएंगे कुरुक्षेत्र, मुख्यमंत्री ने तैयारियों का लिया जायजा

pm-kurukshetra-cm-reviews-preparations
Spread the love

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और मुख्य स्थल और मंच, संगत स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और आगंतुकों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रदर्शनी स्थल समेत सभी महत्वपूर्ण जगहों पर चल रही तैयारियों की स्थिति देखी और अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रबंधन, रूट प्लान, बैठने की व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

मुख्यमंत्री सैनी ने ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तम बाग पहुंचकर भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सहित कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आरती स्थल समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जाकर तैयारियों का आकलन किया।

प्रधानमंत्री मोदी पवित्र ज्योतिसर में स्थापित अनुभव केंद्र का भी अवलोकन करेंगे। इसके अलावा यहां भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख पांचजन्य का भी लोकार्पण करेंगे। यह अवसर हरियाणा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री मोदी पवित्र ब्रह्मसरोवर पर होने वाली महाआरती में शामिल होंगे।

गीता महोत्सव, जो भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेश ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ के ज्ञान का वैश्विक उत्सव है, हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है। इस महोत्सव में देश-विदेश से आए विद्वान, कलाकार और संस्कृत एवं अध्यात्म के साधक एकत्र होकर गीता के ज्ञान और कर्म के संदेश को सांझा करते हैं।