पीएम ने भगवान हनुमान की पतंग उड़ाकर किया अपमान:कांग्रेस बोली- पीएम माफी मांगें, लखनऊ में पुलिस–रोक के बावजूद पढ़ा हनुमान चालीसा

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सनातन धर्म का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने लखनऊ में जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस की रोक के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में कांग्रेस के लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पीएम मोदी ने अहमदाबाद के रिवर फ्रंट पर विदेशी मेहमान के साथ सनातन धर्म के आराध्य पवन पुत्र हनुमान जी को पतंग के रूप में उड़ाकर उनका घोर अपमान किया है। राय ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए पीएम से माफी की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी लगातार सनातन धर्म का मखौल उड़ा रहे हैं, और भाजपा खुद को हिंदू धर्म का ठेकेदार बताकर ऐसे काम कर रही है जो अक्षम्य हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में भी प्रभु श्रीराम को बालक रूप में मोदी की उंगली पकड़कर ले जाते हुए चित्र प्रदर्शित किए गए थे। इसका आज तक न तो खंडन हुआ और न ही भाजपा ने देशवासियों से माफी मांगी। राय ने कहा, आत्म-मुग्धता में डूबे पीएम सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं। पतंग के रूप में रामभक्त हनुमान जी को उड़ाना सभी भक्तों का अपमान है। पहले खुद को श्रीराम का अभिभावक बताकर ‘लाने वाला’ चित्रित किया। भाजपा का यह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लखनऊ में हनुमान चालीसा का किया पाठ इस घटना से आहत होकर अजय राय ने सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित दक्षिण मुखी हनुमान जी मंदिर जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहा। वे खुद हनुमान भक्त हैं और पीएम की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करना चाहते थे। लेकिन योगी सरकार ने तानाशाही दिखाते हुए कांग्रेस मुख्यालय को भारी पुलिस बल से घेर लिया और बैरिकेडिंग कर छावनी में बदल दिया। यहां तक कि मंदिर पर भी राय को समर्थकों के साथ दर्शन और चालीसा पाठ से रोक दिया गया। फिर प्रदेश अध्यक्ष राय ने कांग्रेसजनों के साथ मुख्य द्वार पर पुलिस बैरिकेडिंग के पास ही हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया और बजरंग बली से मोदी की सद्बुद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “सनातन विरोधी, धर्म विरोधी और हिंदू विरोधी योगी सरकार ने हमेशा की तरह दमन किया। लेकिन हम रुकने वाले नहीं।” इस मौके पर मीडिया विभाग चेयरमैन डॉ. सीपी राय (पूर्व मंत्री), मीडिया विभाग वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय,विधि विभाग चेयरमैन आसिफ रिजवी रिंकू, शिक्षक प्रकोष्ठ चेयरमैन डॉ. अमित राय, सूचना का अधिकार विभाग चेयरमैन पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, पूर्व प्रदेश महासचिव पुष्पेंन्द्र सिंह, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।