झांसी में घर से भागकर शादीशुदा बॉयफ्रेंड से लव मैरिज करने वाली युवती ने सुसाइड कर लिया। युवती ने पहले कमरे की अंदर से कुंडी बंद की और फिर पंखे पर साड़ी से फंदा बनाने लगी। कमरे के बाहर खड़ा पति कभी दरवाजा पीटता तो कभी खिड़की से झांककर कहता रहा ‘प्लीज मान जाओ’। पड़ोसी के बच्चे भी कसम दिलाते रहे, मगर युवती ने किसी की न सुनी और फंदे पर झूल गई। पुलिस के पहुंचने पर किसी तरह दरवाजा तोड़ा गया। फंदे से उतारकर युवती को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सामने आया है। मृतका की बहन ने कहा- 2 साल पहले युवक मेरी बहन को भगाकर ले गया था। तब से उससे बात तक नहीं करने देता था। वह शराब पीता था। उसने नशे में मेरी बहन को फांसी पर लटकाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरयाना मोहल्ले का है। घटना के दो वीडियो सामने आए घटना के दो वीडियो भी सामने आए। एक वीडियो में कमरे की कुंडी अंदर से बंद है। राजकुमार जोर-जोर से दरवाजा पीट रहा है। फिर खिड़की पर आकर कहता है- रूबी प्लीज मान जाओ। पड़ोसी महिला और उसके बच्चे भी कसम दिला रहे हैं। दूसरे वीडियो में महिला फंदे पर लटकी हुई है। राजकुमार माचिस जलाकर फंदा काट रहा है। पीछे खड़े लोग कह रहे हैं बचा लो बचा लो। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़ते हैं… दूर का रिश्तेदार लगता है युवक मृतका का नाम रूबी अहिरवार (22) था। वह सकरार थाना क्षेत्र खिसनी गांव की रहने वाली थी। 8 जनवरी की रात को रूबी ने कमरे का दरवाजा बंदकर पंखे पर साड़ी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। इस दौरान पति राजकुमार कमरे के बाहर से चिल्लाता रहा। रूबी न करो ऐसा। प्लीज मान जाओ। आस-पास के बच्चे भी चिल्लाते रहे कि मौसी मत करो। बाहर आ जाओ। दरवाजा खोल दो। प्लीज मौसी मान जाओ। लेकिन रूबी नहीं मानी और फंदे पर लटक गई। राजकुमार ने पुलिस को फोन कर दिया था। मौके पर पुलिस आई, तो दरवाजा तोड़कर राजकुमार ने रूबी को फंदे से उतारा। उसकी सांसे चल रही थी। राजकुमार पुलिस के साथ रूबी को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर आई पुलिस ने और राजकुमार ने रूबी के मायके वालों को खबर दी। शुक्रवार दोपहर तक मायके वाले नहीं आए। तब पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पोस्टमार्टम के दौरान माता-पिता और परिजन आ गए। शव ले जाने से मना कर दिया। तब शव को पति ले गया और झांसी में ही अंतिम संस्कार कर दिया। रूबी की बहन ममता ने बताया- टहरौली के बंगरा बंगरी गांव निवासी राजकुमार अहिरवार हमारे दूर का रिश्तेदार है। वह शादियों में फोटो शूट करता था। लगभग 3 साल पहले एक शादी में फोटो शूट करने के लिए राजकुमार हमारे गांव में आया था। रिश्तेदारी होने के नाते वह घर आया। यहीं से राजकुमार की मेरी बहन रूबी से जान पहचान हो गई। दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। मेरे पिता रूबी की शादी के लिए लड़का देख चुके थे। अब लड़के वाले रूबी को देखने के लिए घर आने वाले थे। उससे पहले ही नवंबर 2023 में राजकुमार मेरी बहन को भगाकर ले गया। हम लोगों ने फिर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। ढाई साल से कोई अता-पता नहीं रूबी के चाचा जगदीश अहिरवार ने बताया- राजकुमार अहिरवार मेरी बहन का भांनेज दामदा है। उसकी 10 साल पहले शादी हो चुकी है और 8 साल का एक बेटा है। पत्नी आरती और बेटा गांव के घर पर रहते हैं। जब हमें पता चला कि राजकुमार भतीजी को भगाकर ले गया। तब हम लोगों ने सकरार थाने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मगर वो अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। एक बार हमें पता चला कि राजकुमार गांव में है। तब हम लोग पुलिस को लेकर पहुंचे, मगर वो पीछे से कूदकर भाग गया था। वो बार-बार नंबर बदल लेता था। रूबी को कभी मुंबई तो कभी गाजियाबाद में होना बताता था। मगर आज तक पता नहीं चला। न ही पुलिस ढूंढ़ पाई। पिछले एक महीने से हम लोगों के पास राजकुमार फोन भी करने लगा था। तब हम लोगों ने कहा था कि सही एड्रेस बताओ तो अपनी बेटी को लेने आएंगे। तुमको भी स्वीकार कर लेंगे, मगर उसने आज तक सही एड्रेस नहीं दिया। फोन लगाता था तो गालियां देता था। रात को राजकुमार नशे में था। उसने मेरी भतीजी को फांसी पर लटका दिया। जिस तरह से हम लोगों ने आज एक बच्ची को खाेया है, उसी तरह राजकुमार को भी सजा मिलनी चाहिए। घर से भागकर मंदिर में शादी कर ली थी राजकुमार का कहना है- मैंने और रूबी ने घर से भागकर एक मंदिर में शादी कर ली थी। अब हम दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे। मैं मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम को मजदूरी से घर लौटा तो रूबी काम कर रही थी। मैं बाजार से सामान लेने चला गया। जब लौटकर आया तो रूबी कमरे की कुंडी लगाकर फंदे पर लटकी थी। हम दोनों के बीच कभी विवाद नहीं होता था। पता नहीं उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। घटना की सूचना मिलने पर रूबी के माता-पिता, बहन और चाचा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने हत्या करने का आरोप लगाया है। कोतवाल विद्यासागर सिंह का कहना है कि रूबी के सुसाइड की वजह की जांच की जा रही है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। शुक्रवार रात को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आगे की जांच की जा रही है। ……………. ये खबर भी पढ़िए- गैंगरेप आरोपी दरोगा को पुलिस ने भागने का वक्त दिया: पीड़िता ने कानपुर कोर्ट में 30 मिनट में दरिंदगी सुनाई; ACP लाइन हाजिर, चौकी इंचार्ज सस्पेंड कानपुर गैंगरेप कांड में 4 दिन बाद पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज हुए। 30 मिनट तक जज दरिंदगी की कहानी सुनते रहे। फिर उन्होंने सुबक रही पीड़िता की तरफ देखकर कहा- इंसाफ होगा। एक दिन पहले कोर्ट ने पुलिस को फटकार लगाई थी कि लड़की 14 साल की है, मगर केस को पॉक्सो एक्ट में दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद कानपुर पुलिस ने FIR में गैंगरेप, किडनैपिंग के साथ पॉक्सो एक्ट बढ़ा दिया। पढ़ें पूरी खबर…
प्लीज मान जाओ…बॉयफ्रेंड के सामने फंदे पर झूली गर्लफ्रेंड:झांसी में 2 साल पहले शादीशुदा युवक के साथ भागी थी, बहन बोली- जानबूझकर मारा है
