पश्चिम बंगाल में चुनावी हलचल के बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में एक टेबल पर बड़ी मात्रा में नोटों के बंडल रखे दिख रहे हैं। टेबल के एक तरफ, नोटों के पीछे तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक नेता बैठे नजर आ रहे हैं। दूसरी तरफ, 4-5 लोग बैठे हैं। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, वीडियो में दिख रहे TMC नेता मोहम्मद गियासुद्दीन मंडल हैं। वे नॉर्थ 24 परगना जिले की बारासात-1 पंचायत समिति के पार्टी उपाध्यक्ष हैं। उनके साथ स्थानीय व्यवसायी रकिबुल इस्लाम बैठे दिखते हैं। TMC नेता के सामने टेबल पर नोटों का ढेर लगा दिखता है। क्लिप में TMC नेता फोन पर बात करते दिख रहे हैं। फोन पर दूसरी तरफ से एक व्यक्ति की आवाज आती है। वह पूछता है- खरीदारी कैश होगी या फाइनेंस पर। बाद में एक व्यक्ति नायलॉन बैग (थैला) लेकर आता है। उसमें भी नोटों के बंडल भरे होते हैं। TMC नेता थैला अपने पास रख लेते हैं। वीडियो के सामने आने के बाद अवैध नकद लेनदेन के आरोप लगे। मंडल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो 2022 का है और उनका लेनदेन से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ वहां बैठा था। यह पुराना वीडियो है। कुछ दोस्त जमीन के सौदे में शामिल थे, मुझे बस इतना ही पता है।” वीडियो में फोन पर बात करते दिख रहे रकिबुल इस्लाम ने भी किसी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह दो साल पुराना वीडियो है और पैसे जमीन के सौदे से जुड़े थे। उनके मुताबिक, मंडल भी उस जमीन सौदे में साझेदार थे और वीडियो में दिख रहा स्थान उनका कार्यालय नहीं है। स्थानीय टीएमसी नेताओं ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। बारासात-1 ब्लॉक टीएमसी संयोजक मोहम्मद ईशा सरकार ने कहा कि अगर वीडियो की प्रामाणिकता साबित होती है और दोष तय होता है तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी नकदी के स्रोत को लेकर सवाल उठते हैं। विपक्षी भाजपा ने आरोप लगाया कि वीडियो सत्तारूढ़ पार्टी के चरित्र को दिखाता है। भाजपा नेता तपस मित्रा ने मंडल पर भूमि माफिया होने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय एजेंसियों से तत्काल जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस बंगाल को लूट रही है और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच होनी चाहिए।
टेबल पर नोटों का ढेर, सामने बैठे TMC नेता; VIDEO:कैश से भरा थैला लेकर पहुंचा व्यक्ति; भाजपा बोली- तृणमूल कांग्रेस बंगाल को लूट रही
