PHD छात्रा से छेड़छाड़, मीडिया को कवरेज से रोका:हिसार में असिस्टेंट प्रोफेसर बोले- अंदर गए तो बैक्टीरिया फैल जाएगा; 2 प्रोफसर सस्पेंड हो चुके

Spread the love

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में दो असिस्टेंट प्रोफेसरों पर PHD की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। शिकायत मिलने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने गुरुवार को दोनों असिस्टेंट प्रोफेसरों, अजीव सांगवान और नवीन कौशिक को सस्पेंड कर दिया। शुक्रवार को जब मीडियाकर्मी यूनिवर्सिटी में कवरेज करने पहुंचे, तो उन्हें रोक दिया गया। बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट में डीन से मिलने जा रहे मीडियाकर्मियों को अंदर नहीं जाने दिया गया। सिक्योरिटी गार्ड्स ने बताया कि उन्हें ऊपर से आदेश हैं कि मीडिया को अंदर न जाने दें। जब उनसे आदेश दिखाने को कहा गया तो वे दिखा नहीं पाए। इसके बाद जब डीन प्रो. के.डी. शर्मा से मिलने की बात कही गई, तो बताया गया कि वे वहां नहीं हैं। हंगामा बढ़ता देख असिस्टेंट प्रोफेसर नवजीत वहां आए और उन्होंने अंदर जाने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया के अंदर जाने से विभाग में बैक्टीरिया फैल जाएगा और किसानों को पौधे नहीं मिल पाएंगे।
VC यूनिवर्सिटी में नहीं मिले
HAU में इतना बड़ा विवाद होने के बावजूद वाइस चांसलर डॉ. बीआर कंबोज ने चुप्पी साधी हुई है। यहां तक की VC यूनिवर्सिटी से नदारद नजर आए। जब मीडिया एडवाइजर संदीप आर्य से बात की तो उन्होंने कहा कि VC बाहर गए हुए हैं। जब उनसे कहा कि आपसे मिलना है तो उन्होंने कहा कि मैं भी यूनिवर्सिटी में नहीं हूं। डीन भी ऑफिस में नहीं मिले बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के डीन प्रो. केडी शर्मा भी अपने डिपार्टमेंट में नहीं मिले। असिस्टेंट प्रोफेसर नवजीत से जब उनका नंबर मांगा तो उन्होंने कहा कि नंबर उनके पास नहीं है। छात्रा ने डीन केडी शर्मा को सबसे पहले अपने साथ हुई छेड़छाड़ की शिकायत दी थी। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रा VC से मिली। VC ने कार्रवाई करते हुए दोनों असिस्टेंट प्रोफसरों को सस्पेंड कर दिया। साथ ही जांच के लिए एक कमेटी बनाई। छात्रा का आरोप- आपत्तिजनक मैसेज भेजे
हिसार की रहने वाली एक युवती HAU की बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट से PHD कर रही है। उसने आरोप लगाया कि प्रोफेसर अजीव सांगवान और नवीन कौशिक की तरफ से उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। उसे वॉट्सएप पर आपत्तिजनक मैसेज भेजे गए। यह भी सामने आया है कि प्रोफेसर अजीव इसी यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट रह चुका है।