वंदे भारत को पानीपत स्टेशन से शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, नगर निगम मेयर कोमल सैनी और रेलवे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस है और आज भारत हर दिन विकसित भारत की ओर आगे बढ़ रहा है। विधायक प्रमोद विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में विकास की रफ्तार बढ़ी है, जनता की परेशानियां कम हो रही हैं और सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्कूल के बच्चों में वंदे भारत ट्रेन को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस नई ट्रेन से फिरोजपुर, पानीपत और दिल्ली के बीच यात्रा समय में कमी आएगी। स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन का संचालन इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात है। स्टेशन पर सुरक्षा, सफाई और यात्री सुविधाओं को और बेहतर किया गया है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए किराया सूची रविवार को जारी होगी। इसमें पानीपत से दिल्ली, अंबाला, कुरुक्षेत्र के साथ अन्य स्टेशन तक का किराया यात्रियों को पता लग सकेगा पानीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंची वंदे भारत ट्रेन संचालन के पहले दिन स्कूल के बच्चों के साथ अन्य लोगों ने भी दिल्ली तक सफर किया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, नगर निगम मेयर कोमल सैनी, डीएमओ हिदेश चावला, सीनियर डीपीओ अभिजीत गुप्ता, सीनियर सीएसटीई अक्षित सूद, एडीआरएम एनएस बघेल, स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
