इस दौरान 6 नवम्बर को विभाग में प्रो.वर्मा द्वारा आउटरीज एवं इनोवेशन लेबारेटरी की स्थापना की गई। अगले दिन एएन सिंह हॉल में हुए कार्यक्रम में कुलपति प्रो.दीवान रावत व प्रो.वर्मा ने संयुक्त रूप से इस प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। आगे 7 नवम्बर को एएन सिंह हॉल में हुए प्रो. वर्मा के लोकप्रिय व्याख्यान में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1100 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं 8 से 13 नवम्बर तक प्रो.वर्मा की टीम ने उनकी देखरेख में विभाग की प्रयोगशाला में स्वयं निर्मित भौतिकी प्रयोग तैयार किए, जिनका प्रतिदिन कक्षा 9वीं-10वीं, 11वीं-12वीं तथा स्नातक बीएससी स्तर के विद्यार्थियों के लिए प्रदर्शन किया गया।
इन प्रदर्शनों में विद्यार्थियों के वैज्ञानिक संदेहों का समाधान किया गया और कई जटिल विषयों को प्रयोगों के माध्यम से सरल ढंग से समझाया गया। जबकि गुरुवार को समापन सत्र में प्रयोगशाला में अध्यापकों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रो.वर्मा ने स्वयं निर्मित प्रयोगों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो.शुचि बिष्ट ने कहा कि प्रो.वर्मा का व्यक्तित्व प्रेरणादायक है और उनके द्वारा स्थापित प्रयोगशाला भविष्य में नवाचार व शिक्षण-अधिगम का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। विभाग के सभी संकाय सदस्यों ने प्रो.वर्मा व उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और इस एक सप्ताह को विभाग के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
