पानी संकट पर उपायुक्त करें कार्रवाई : विकास सिंह

Spread the love

दीपावली से पूर्व मानगों के कई इलाकों में पानी की गंभीर किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पोस्ट ऑफिस रोड, गुरुद्वारा रोड, वैकुंठ नगर, कृष्णा नगर, पहलाद नगर और शांति नगर सहित कई क्षेत्रों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। स्थानीय लोगों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को फोन कर समस्या की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर कुछ इलाकों में अस्थायी रूप से पानी की सप्लाई शुरू करवाई।

विकास सिंह ने रविवार को अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि करीब 10 महीने पहले पायल सिनेमा के पास यूको बैंक के बगल में करोड़ों रुपये की लागत से बने जलमीनार का उद्घाटन किया गया था। उस समय कहा गया था कि अब इन क्षेत्रों में पानी की दिक्कत नहीं होगी, लेकिन हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन केवल दिखावे के लिए किया गया था, क्योंकि अब तक उस जलमीनार से एक दिन भी जलापूर्ति नहीं हुई।

कर्मचारियों के अनुसार, टंकी की डिजाइन में तकनीकी खामी है और फिल्टर प्लांट से कभी पानी भेजा ही नहीं गया। विकास सिंह ने इसे जनता के साथ धोखाधड़ी करार देते हुए कहा कि यदि उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी जल्द संज्ञान नहीं लेते, तो वे पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यालय में तालाबंदी कर जिम्मेदार अधिकारियों और फर्जी उद्घाटन करवाने वालों पर मुकदमा दर्ज कराएंगे।