हरियाणा में पलवल जिले की हथीन विधानसभा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल ने खुलकर कांग्रेस की बगावत शुरू कर दी है। जहां एक तरफ मंच से उन्होंने राज्यसभा चुनाव में क्रास वोट कर सतीश नांदल को वोट देने की बात कबूल की, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के दो मंत्रियो ने हथीन पहुंचकर हथीन में विकास की बागडौर इसराइल के हाथों में सौंपने की घोषणा कर दी । जिसे लेकर प्रदेश की राजनिति एक बार फिर से गरमा गई है। हथीन में कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल द्वारा श्रीरामनवमी एवं ईद मिलन समारोह के प्रोग्राम का आयोजन किया गया था। प्रोग्राम नाम के लिए सामाजिक था, लेकिन मंच पर सभी ने जमकर राजनीतिक भाषण दिए। प्रोग्राम की खास बात ये रही कि इसमें बीजेपी के दो बड़े मंत्री राव नरबीर सिंह और विपुल गोयल भी पहुंचे थे। मंत्री राव नरबीर ने इसराइल को आश्वासन दिया कि उनके किसी काम को रूकने नहीं दिया जाएगा। बीजेपी को वोट (सपोर्ट) करके उन्होंने अपने इलाके के विकास को चुना है। अब जानिए कांग्रेस विधायक क्या बोले… राव नरबीर ने विकास का जिम्मा सौंपा इसराइल के प्रोग्राम में मुख्यअतिथि पहुंचे बीजेपी के मंत्री राव नरबीर ने कहा कि इसराइल के का एक वोट बीजेपी को दिया जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। इसके एक वोट के क्रास होने से कांग्रेस नही हारी। एक वोट से बीजेपी का कुछ बढ़ा नही और कांग्रेस का कुछ घटा नही। लेकिन, अब बीजेपी के साथ रहकर इसने इलाके के विकास की रफ्तार को बढ़ाने का जो फैसला किया है वह पूरी तरह से सही है। इस इलाके में विकास कार्यों को करवाना उनकी जिम्मेदारी है। हथीन के विकास कामों को कराने के लिए सीएम से भी मिलना पड़े तो वो मिल लेंगे। नरबीर ने कहा कि पहले जब इसराइल मेरे पास आता तो उसको में समझाता था कि सरकार के साथ मिलकर चलो इलाके का विकास कर पाओगे। जब मोहम्मद इसराइल और आदित्य चौटाला 2024 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे तो उनको सबसे ज्यादा खुशी हुई थी। नोटिस का नहीं दिया जबाव राज्यसभा के चुनाव में हुई क्रास वोटिंग को लेकर प्रदेश कांग्रेस की तरफ से शो-कॉज नोटिस क्रास वोट करने वाले पांच विधायकों को जारी किया गया था। साढौरा विधायक रेनू बाला नारायणगढ़ की शैली चौधरी और रतिया के जरनैल सिंह ने कांग्रेस अनुशासन समिति को नोटिस का रिप्लाई भेज दिया है लेकिन पुन्हाना के मोहम्मद इलियास और हथीन के मोहम्मद इजराइल ने पार्टी के शो-कॉज नोटिस का जवाब नहीं दिया है। इन 5 विधायकों पर अब फैसला राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में हो सकता है। 30 मार्च को हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। इसके बाद हरियाणा डीपीसी की अप्रैल के पहले हफ्ते में चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय पर भी मीटिंग होगी। हुड्डा के साथ नाराजगी बयां कर चुके हथीन से कांग्रेस विधायक खुले मंच से पार्टी से बगावत करते हुए नजर आ रहे है। इससे पहले वह भूपेंद्र हुड्डा को लेकर अपनी नाराजगी की वजह भी बता चुके हैं। साल 2024 के चुनाव में उन्होंने हुड्डा पर टिकट कटवाने और पार्टी की खिलाफत करने वाले नेताओं को पार्टी में शामिल करने का आरोप लगाया है। अब जहां पर भी वह भाषण दे रहे लोगों को इसके बारे में बता रहे है। सरकार बढ़ा चुकी है सुरक्षा राज्यसभा चुनाव होने के बाद से ही सरकार ने कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल की सुरक्षा बढा रखी है । अब हर जगह सुरक्षाकर्मी उनके साथ देखे जाते हैं। हरियाणा पुलिस ने उनकी सुरक्षा में पुलिस के 6 जवान तैनात किए हैं। पायलट गाड़ी में उनके साथ 4 सुरक्षाकर्मी रहेंगे, जबकि 2 सुरक्षाकर्मी उनके हथीन स्थित आवास पर तैनात किए गए हैं। पहले उनके पास 2 PSO पहले से ही थे। बेटा तोड़ चुका है सभी रिश्ते हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में नाम आने के बाद हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल को परिवार की नाराजगी भी झेलनी पड़ रही है। उनके बेटे नाजिम चौधरी ने कहा-पिता ने विश्वासघात किया है, मैं उनके साथ रिश्ता तोड़ रहा हूं। उन्होंने कहा कि समाज और कांग्रेस विचारधारा के लिए यह फैसला लिया है। मेरा घर भले ही टूट गया हो, लेकिन मेरे घर से कोई राहुल गांधी को नहीं हरा सकता, मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के साथ हूं।
हथीन में कांग्रेस MLA की पार्टी से खुली बगावत:बोले- इस्तीफा देकर चुनाव लड़ने को तैयार, कार्यक्रम में पहुंचे BJP के दो बड़े मंत्री
