झज्जर जिले के गांव सिलानी में एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक युवक के रात को खेत से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इस दौरान कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव सिलानी निवासी 30 वर्षीय मोहित पुत्र बिजेंद्र के रूप में हुई है। मृतक के पिता बिजेंद्र आर्मी से रिटायर्ड हैं। मृतक मोहित माता- पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन भी है। परिजनों ने बताया कि मोहित रात को करीब 9 बजे खेत से घर की ओर आ रहा था। उसी दौरान अज्ञात कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और मोहित की मौत हो गई। जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि सिलानी गांव के मोहित के एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर झज्जर के नागरिक अस्पताल में रखवाया। वहीं आज मृतक मोहित के परिजनों के बयान पर अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक की दो बेटियां, निजी कंपनी में करता था नौकरी परिजनों ने बताया कि मृतक युवक मोहित गुरूग्राम में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह रविवार को देर शाम खेत गया था और वापस घर लौटने के दौरान उसके साथ हादसा हुआ है। परिजनों ने बताया मोहित शादीशुदा है उसकी करीब तीन साल पहले शादी हुई थी। मोहित की दो बेटियां हैं जिनमें एक दो साल तो दूसरी बेटी करीब 3 महीने की ही है।
झज्जर में एक्सीडेंट में इकलौते बेटे की मौत:कार ने मारी बाइक को टक्कर, खेत से घर लौट रहा, दो बेटियो का पिता
