बिहार के नवादा जिले में आकाशीय बिजली से महिला की मौत

Spread the love

परिजन के अनुसार मुनकी देवी खेत से धान की निकौनी कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला लेकर पहुंचे, जहां तैनात चिकित्सक डॉ. जर्नादन कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि मृतका के सिर के ऊपर जलने का स्पष्ट निशान पाया गया, जो वज्रपात की वजह से हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही सिरदला पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पंचनामा की औपचारिकता पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। वज्रपात की इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक मौसम बदला और गर्जन-तर्जन के बीच तेज बारिश शुरू हो गई, उसी दौरान यह हादसा हुआ।

इस बीच, सिरदला अंचल अधिकारी भोला भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत मृतका के आश्रितों को चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।