भरे मंच पर भाजपा विधायक ने सीएम को टोका:सिंधिया ने खुद को बताया डब्बा मंत्री; दिग्विजय बोले- राजा-वाजा मत कहा करो

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। क्या दिग्विजय ने मोदी को जवाब दिया
‘दिग्विजय सिंह जिंदाबाद’.. सिवनी में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सामने जैसे ही ये नारा लगा, उन्होंने तुरंत कार्यकर्ताओं को चुप करा दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा- दिग्विजय सिंह क्या है, कुछ भी नहीं। इसी दौरान किसी ने उन्हें राजा साहब कह दिया। इस पर उन्होंने कहा- राजा-वाजा मत कहा करो, 1947 के बाद राजा-महाराजा खत्म हो गए। उन्होंने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह यहां एक कार्यकर्ता के रूप में आया है। मैंने कभी खुद को कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ऊपर नहीं माना। दिग्विजय सिंह ने यह बात ऐसे समय कही है, जब हाल ही में संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें राजा साहब कहकर उनके भाषण पर तंज कसा था। पीएम मोदी ने कहा था कि दिग्विजय सिंह खुद को राजा कहलाने में गर्व महसूस करते हैं और जो खुद को राजा माने, वह आर्थिक असमानता की बात करे, क्या यही दिन देखना बाकी रह गए थे। अब सियासी गलियारों में चर्चा है कि दिग्विजय सिंह का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के तंज का जवाब माना जा रहा है। हालांकि इससे पहले भी वे कई बार कार्यकर्ताओं और समर्थकों को खुद को राजा साहब कहने से रोकते रहे हैं, लेकिन इस बार मामला इसलिए ज्यादा चर्चा में है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें संसद में सीधे निशाने पर लिया था।
विधायक ने टोका, तो सब रह गए हैरान
शहडोल जिले के जैतपुर से भाजपा विधायक जयसिंह मरावी ने मंच पर ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को टोक दिया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा- इधर भी थोड़ा मेरा ध्यान रख लीजिए, मुख्यमंत्री जी। ये सुनकर हर कोई हैरान रह गया। हालांकि, तुरंत ही हंसते हुए विधायक ने बात को हल्का करने की कोशिश भी की। दरअसल, मुख्यमंत्री शहडोल जिले के धनपुरी पहुंचे थे। मंच पर वे मंत्री दिलीप जायसवाल से बात कर रहे थे, तभी विधायक जयसिंह मरावी अपना संबोधन दे रहे थे। वे सीएम के सामने अपने क्षेत्र से जुड़ी मांगें रखना चाह रहे थे, लेकिन उन्होंने देखा कि सीएम मंत्री से बात में मशगूल हैं, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में उन्हें टोक दिया। जयसिंह मरावी भाजपा के वरिष्ठ विधायकों में गिने जाते हैं। वे 5 बार के विधायक हैं। बाद में जब मुख्यमंत्री बोलने आए, तो उन्होंने जयसिंह मरावी की तारीफ करते हुए उन्हें धुआंधार विधायक बताया। सीएम ने कहा- ये हमारे शुभंकर विधायक हैं, जहां से भी चुनाव लड़ते हैं, जनता इनके गले में विजय का हार डाल देती है। सिंधिया का मोटिवेशनल स्पीकर रूप
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे एक मोटिवेशनल स्पीकर के अंदाज में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने मोबाइल फोन को डिब्बा और खुद को डिब्बा मंत्री बताया। यह वीडियो खुद सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। वीडियो में वे कहते हैं- आज मैं देखता हूं, मंच पर भी, मंच के नीचे भी, गाड़ी में भी, प्लेन में भी… कहीं भी पांच लोग बैठे होंगे, लेकिन कोई किसी से बात नहीं करता। सब अपने-अपने डिब्बे में कैद हैं, अपने डिब्बे में मस्त हैं। उन्होंने आगे कहा- पति-पत्नी भी आपस में बात नहीं करते। पति अपने डिब्बे में, पत्नी अपने डिब्बे में… ऐसे में रिश्ते कैसे बनेंगे? इसी दौरान उन्होंने मजाकिया लहजे में खुद को डिब्बा मंत्री बताते हुए कहा- डिब्बे का जितना इस्तेमाल होगा, मेरे लिए उतना ही अच्छा है। उन्होंने अपील की है कि कम से कम भोजन के समय या दिन में एक घंटा जब परिवार और दोस्तों के साथ हों, तो मोबाइल बंद रखकर आपसी संवाद करें। सिंधिया ने कहा कि यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि जिंदगी की सबसे बड़ी पूंजी रिश्ते होते हैं। अब लोग कह रहे हैं कि सिंधिया ने बात तो बिल्कुल खरी कही है। वैसे महाराज भी अपना डिब्बा जेब में रखकर लोगों से रिश्ते मजबूत करने में जुटे रहते हैं, जो उनकी राजनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जाता है। जब मिठाई वाले बन गए धीरेंद्र शास्त्री
पंडित धीरेंद्र शास्त्री एक बार फिर अलग ही अंदाज में नजर आए। छतरपुर में वे आधी रात को अचानक एक मिठाई की दुकान पर जा पहुंचे। वहां वे सीधे काउंटर पर बैठ गए और मिठाइयों का स्वाद लेने लगे। पहले उन्होंने रसगुल्ला खाया, फिर रसमलाई का स्वाद चखा। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों की तरह आवाज भी लगाई – मिठाई ले लो, बर्फी ले लो, लड्डू ले लो… दुकानदार ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साथ आए लोगों को मिठाई देने की कोशिश की, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा- रहने दो, चार पैसे बच जाएंगे, ये तो सब खा जाएंगे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री की इस बात पर वहां मौजूद लोगों के बीच जमकर ठहाके गूंज उठे। इनपुट सहयोग – विनोद सोनी (सिवनी), सौरभ पांडे (शहडोल), राजेश चौरसिया (छतरपुर) ये भी पढ़ें –
महिला की बात पर भाजपा विधायक ने पकड़ लिया माथा: जिस बयान पर देश गुस्सा, मंत्री ने उसे बताया छोटी सी भूल शिवपुरी के पीछोर क्षेत्र में एक कार्यक्रम के दौरान अजीब वाकया सामने आया। यहां एक महिला हितग्राही ने शासन की योजना का लाभ तो लिया, लेकिन उसका श्रेय कांग्रेस को दे दिया। यह सुनकर मंच पर मौजूद भाजपा विधायक प्रीतम लोधी भी हैरान रह गए। उन्होंने अपना माथा पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें