हांसी सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत:बाइक ने मारी टक्कर; घर से बकरी का दूध लेने के लिए निकले थे

Spread the love

हरियाणा के हांसी जिले के हाजमपुर गांव में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में 61 वर्षीय मुंशी राम की मौत हो गई। मुंशी राम प्लेटलेट्स कम होने के कारण स्वास्थ्य लाभ के लिए बकरी का दूध लेने घर से निकले थे। गांव के वाटर वर्क्स के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे हुई। बाइक की हेडलाइट बंद थी ग्रामीणों ने बताया कि बाइक की हेडलाइट बंद थी, जिसके कारण राइडर पैदल चल रहे मुंशी राम को देख नहीं पाया और हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुंशी राम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बाइक राइडर को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। घायल मुंशी राम को हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान तोड़ा दम प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। रात करीब 2:30 बजे उनका ऑपरेशन हुआ, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान हाजमपुर निवासी मुंशी राम के रूप में हुई है। वे पहले मैकेनिक का काम करते थे, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण कुछ समय से घर पर ही थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। मामले की जांच में जुटी पुलिस परिजनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और मुंशी राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और बाइक राइडर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।