दुर्गा पूजा की तैयारियों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Spread the love

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा और सुविधा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। खासकर पंडालों में इन और आउट गेट की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, अग्निशामक यंत्र, बिजली के तारों की सही ढंग से लगाव, सफाई व्यवस्था, साउंड सिस्टम और महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से ध्यान देने की बात कही। अधिकारियों ने आयोजकों को यह भी निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किया जाए।

नगर परिषद प्रशासक संतोषनी मुर्मू ने बताया कि इस वर्ष चाईबासा नगर क्षेत्र और इसके आसपास कुल 22 पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें से 18 पंडाल शहरी क्षेत्र में और चाार पंडाल ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जा रहे हैं। नगर परिषद की ओर से शहरी और ग्रामीण दोनों ही इलाकों में आवश्यक सहयोग एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो ने कहा कि दुर्गा पूजा का त्योहार श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, ऐसे में सुरक्षा और शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से अपील किया कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और भक्तों की सुविधा के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित करें।

उल्‍लेखनीय है कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु विभिन्न पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं। ऐसे में इस बार प्रशासनिक तैयारी और भी सख्त की जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।