हरियाणा के नूंह जिले में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान एक बेहद अजीबोगरीब और चर्चा का विषय बनी घटना सामने आई है। जहाँ एक ओर पूरा देश तिरंगे को सलामी दे रहा था, वहीं मेवात विकास अभिकरण (MDA) द्वारा तैयार की गई विकास कार्यों की झांकी मुख्य परेड का हिस्सा बनने से पहले ही ‘धराशायी’ हो गई। ग्राउंड की मिट्टी में फंसा ‘विकास’ जिले के विकास मॉडल को प्रदर्शित करने के लिए विशेष रूप से तैयार की गई यह झांकी जैसे ही परेड के लिए मुख्य मैदान की ओर बढ़ी, रास्ते में ही उसके वाहन का पहिया कच्ची मिट्टी में धंस गया। आयोजकों ने झांकी को निकालने के लिए काफी मशक्कत की और जोर-आजमाइश की, लेकिन वाहन टस से मस नहीं हुआ। मजबूरी में परेड से बाहर हुई झांकी समय की कमी और परेड के प्रोटोकॉल के कारण, आयोजकों के पास इसे बाहर रखने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। जिस झांकी को हजारों दर्शकों की वाहवाही बटोरनी थी, वह कार्यक्रम स्थल के एक कोने में मूकदर्शक बनकर खड़ी रह गई। प्रशासन के लिए यह स्थिति काफी असहज रही क्योंकि इस झांकी पर काफी मेहनत और बजट खर्च किया गया था। परेड खत्म होते ही बच्चों का ‘कब्जा’ असली नजारा तब देखने को मिला जब मुख्य समारोह समाप्त हुआ। परेड खत्म होते ही वहां मौजूद बच्चों का हुजूम झांकी की ओर दौड़ पड़ा। कुछ ही मिनटों में विकास की झांकी एक ‘प्लेग्राउंड’ में तब्दील हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल इस पूरी घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग झांकी के फंसने और बाद में बच्चों द्वारा उसे तहस-नहस करने के दृश्यों पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही बता रहे हैं, तो कुछ बच्चों की मासूमियत पर चुटकी ले रहे हैं।
नूंह गणतंत्र दिवस में ‘मेवात विकास’ की झांकी बनी मजाक:ग्राउंड में फंसी तो मजबूरी में करनी पड़ी बाहर; बच्चों ने बनाया खेल का मैदान
