नूंह : दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कार में आग से जिंदा जला चालक

Spread the love

नूंह, 13 नवंबर । दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार से आ रही क्रेटा कार अनियंत्रित होकर मरोड़ा गांव के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक कार के अंदर ही फंसकर जिंदा जल गया। घटना के बाद पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल विभाग कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने कार की जांच की तो अंदर सिर्फ हड्डियां और राख मिली। शव इस कदर जल चुका था कि उसकी पहचान करना संभव नहीं हो पा रहा है। डीएसपी अजायब सिंह के अनुसार कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार में सिर्फ हड्डियां बरामद हुई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कार के नंबर से मृतक के परिजनों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि कार का रजिस्ट्रेशन नंबर राजस्थान का है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच शुरू कर दी है।