करनाल में अब बिना वाहन रुके कटेगा टोल:बैरियर होंगे खत्म, मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम; चलती गाड़ियों से होगी ऑटोमैटिक वसूली

Spread the love

हरियाणा के करनाल जिले में नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन ड्राइवरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब टोल टैक्स चुकाने के लिए टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टोल कलेक्शन सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिसके तहत चलती गाड़ियों से ही टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा। इसके लिए टोल प्लाजा और टोल बैरियर को हटाने की तैयारी की जा रही है। करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा पर आज इसका ट्रायल किया जाएगा। हरियाणा और गुजरात में चल रहा ट्रायल टोल टैक्स की इस नई व्यवस्था का ट्रायल हरियाणा और गुजरात में किया जा रहा है। नेशनल हाईवे पर स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम शुरू किया जा रहा है। इस सिस्टम के लागू होने के बाद वाहन बिना किसी रुकावट के हाईवे से गुजर सकेंगे और टोल टैक्स ऑटोमैटिक तरीके से कट जाएगा। हाईवे पर लगाए हाईटेक ओवरहेड सिस्टम मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम के तहत सड़क के ऊपर मॉडर्न तकनीक से लैस ओवरहेड सिस्टम लगाए गए हैं। इनमें फास्टैग सेंसर, नंबर प्लेट रीडर कैमरे, लेजर कैमरे और वीडियो रिकॉर्डर शामिल हैं। सड़क के दोनों तरफ करीब 50 मीटर की दूरी पर ऐसे चार ओवरहेड सिस्टम लगाए गए हैं, ताकि किसी भी वाहन की पहचान में चूक न हो। चलती गाड़ियों से ऐसे कटेगा टोल टैक्स जब कोई वाहन हाईवे पर इन ओवरहेड सिस्टम के नीचे से गुजरेगा, तो आरएफ तकनीक के जरिए सिस्टम फास्टैग को रीड करेगा। साथ ही एनपीआर कैमरे वाहन की नंबर प्लेट पढ़ेंगे और वाहन नंबर की पहचान करेंगे। पहचान होते ही फास्टैग से टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा। वाहन ड्राइवर को रुकने या लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। स्पीड होगी रिकॉर्ड, नियम तोड़ने पर कटेगा चालान इस सिस्टम में लगे कैमरे वाहनों की स्पीड भी रिकॉर्ड करेंगे। यदि कोई वाहन ड्राइवर ओवर स्पीड करता है, तो 50 मीटर आगे लगे दूसरे सिस्टम से उसका टोल कटेगा और ट्रैफिक नियम तोड़ने पर उसे चालान भी भेजा जाएगा। 100 फीसदी टोल वसूली का दावा इस नई व्यवस्था के जरिए 100 फीसदी वाहनों से टोल टैक्स वसूली का दावा किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे टोल चोरी रुकेगी, जाम की समस्या खत्म होगी और वाहन ड्राइवरों का समय भी बचेगा।