फतेहाबाद जिले की भट्टू पंचायत समिति में अब एक बार फिर पूर्व विधायक दुड़ाराम अपनी समर्थक सदस्य को चेयरपर्सन बनाने में सफल हो सकेंगे। कांग्रेस समर्थक ज्योति लूना के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सिरे चढ़ चुका है। ऐसे में अब फिर से सवा साल बाद बीजेपी के हिस्से में यह पद आएगा। बता दें कि, पूर्व विधायक दुड़ाराम के खेमे में 21 में से 18 सदस्य हैं। चेयरपर्सन का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। ज्योति लूना के बाद इस वर्ग की एकमात्र महिला सदस्य अनु सरबटा हैं। ऐसे में चेयरपर्सन की कुर्सी अनु को मिलना तय है। खुद दुड़ाराम भी अनु का नाम घोषित कर चुके हैं। पूर्व विधायक का दावा पहले ढाई-ढाई साल की हुई थी बात पूर्व विधायक दुड़ाराम का दावा है कि साल 2022 में जब ज्योति लूना को चेयरपर्सन बनाया गया था, उस समय यह तय हुआ था कि ज्योति और अनु ढाई-ढाई साल के लिए चेयरपर्सन बनेंगी। मगर ज्योति बाद में पद छोड़ने से मुकर गई। साथ ही बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में भी चली गई। इसलिए सभी सदस्यों ने आपसी सहमति से ही ज्योति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद से हटाया। ऐसे में अनु का शेष बचे कार्यकाल के लिए चेयरपर्सन बनना हक बनता है। नोटिफिकेशन आने के बाद दोबारा होंगे चुनाव अधिकारियों के अनुसार, अब भट्टू पंचायत समिति का चेयरपर्सन पद खाली होने के बाद नए सिरे से चुनाव करवाने से संबंधित नोटिफिकेशन आएगा। उसके बाद चुनाव के लिए फिर से मीटिंग बुलाई जाएगी। उस मीटिंग में ही अनु को आधिकारिक तौर पर चेयरपर्सन घोषित किया जाएगा। यह था पूरा मामला दरअसल, ज्योति लूना को दिसंबर 2022 में भट्टू पंचायत समिति का चेयरपर्सन बनाया गया था। उनके साथ वार्ड नंबर-4 के सदस्य बंसी लाल भीगासरा को वाइस चेयरमैन बनाया गया। मगर साल 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान ज्योति लूना का परिवार बीजेपी प्रत्याशी दुड़ाराम का साथ छोड़कर कांग्रेस प्रत्याशी बलवान दौलतपुरिया के समर्थन में चला गया। इससे नाराज दुड़ाराम खेमे ने ज्योति लूना को कुर्सी से हटाने की कोशिशें शुरू कर दी। 31 दिसंबर 2024 को एक बार ज्योति कुर्सी बचा गई थी। मगर इस बार 18 सदस्य खिलाफ होने से कुर्सी नहीं बचा सकीं।
फतेहाबाद में अब दुड़ाराम समर्थक बनेंगी चेयरपर्सन:सवा साल बाद फिर BJP के हिस्से आएगा पद, SC महिला के लिए आरक्षित
