सिरसा जिले के डबवाली के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर दुष्यंत गर्ग उर्फ हैप्पी को आरजू बिश्नोई के नाम से मिल रही धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पुलिस की कड़ी सुरक्षा और जांच के दावों के बावजूद रविवार, 25 जनवरी को फिरौती मांगने वाले ने रकम 30 लाख रुपए से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए कर दी। इस घटना ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षा के बावजूद आई धमकी भरी कॉल 23 जनवरी को पुलिस ने हैप्पी गर्ग के घर पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए थे। साथ ही सीआईए और साइबर सुरक्षा टीमें भी मामले की जांच में जुटी हुई थीं। इसके बावजूद रविवार दोपहर को इंटरनेट मीडिया के जरिए फिर से धमकी भरी कॉल आई। कॉलर ने इस बार पहले से अधिक आक्रामक लहजे में बात की और फिरौती की रकम को कई गुना बढ़ा दिया। पीड़ित परिवार में दहशत, पुलिस भी सकते में इस नई धमकी ने न केवल पीड़ित परिवार को, बल्कि पुलिस प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है। प्रॉपर्टी डीलर दुष्यंत गर्ग उर्फ हैप्पी ने बताया कि वे समझ नहीं पा रहे कि आखिर उन्हें ही इतनी बड़ी रकम के लिए क्यों निशाना बनाया जा रहा है। अंदरूनी साजिश की आशंका हैप्पी गर्ग ने बताया कि कॉलर उनके व्यापारिक राजों की जानकारी रखता है, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि कोई अंदरूनी व्यक्ति इस साजिश में शामिल है, जो अपराधी को पल-पल की जानकारी दे रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों से परिवार में भय का माहौल है और वे पुलिस से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस ने कहा—जांच जारी, जल्द होगा खुलासा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। सीआईए और साइबर सेल की टीमें कॉल के स्रोत और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चाहे देश में हो या विदेश में, उसे जल्द ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों ने दावा किया कि पीड़ित की सुरक्षा को और मजबूत किया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
डबवाली में प्रॉपर्टी डीलर से अब मांगे 2 करोड़ रुपए:आरजू बिश्नोई के नाम से की गई कॉल; धमकी से परिवार दहशत में
