अमेरिका, इजराइल और ईरान में चल रहे तनाव का असर अब हरियाणा में भी दिखने लगा है। सरकार ने कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी है। इसके साथ ही, घरेलू सिलेंडर की बुकिंग का समय 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ऑयल कंपनियों को लेटर लिखकर सिलेंडरों के स्टॉक और डेली यूज का डेटा मांगा है। इसके अलावा, हरियाणा में शादियों का सीजन चल रहा है, जिससे कैटरर्स और होटल संचालकों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक राज्य में सिलेंडरों की सप्लाई या बुकिंग को लेकर किसी भी तरह की दिक्कत सामने नहीं आई है। नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने चेतावनी दी है कि दिल्ली-NCR के कई रेस्टोरेंट्स में केवल दो से तीन दिन का LPG स्टॉक बचा है। जानिए मंत्री राजेश नागर ने क्या कहा…. कॉमर्शियल सिलेंडर देने पर रोक खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बताया कि केंद्र सरकार ने आदेश दिए हैं कि घरेलू सिलेंडर के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और किसी प्रकार की जमाखोरी न की जाए। इसे देखते हुए राज्य में कॉमर्शियल सिलेंडर देने पर रोक लगा दी गई है। सभी एजेंसियों से अपना स्टॉक बताने को कहा गया है। इसके अलावा, सिलेंडरों के स्टॉक को लेकर रोजाना रिपोर्टिंग की जाएगी। घरेलू सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन में होगी नागर ने बताया कि घरेलू सिलेंडर के लिए बुकिंग का समय 21 से 25 दिन रखा गया है। प्रदेश सरकार ने एलपीजी की उपलब्धता को लेकर कंपनियों से डेटा मांगा है। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) को एक पत्र लिखा गया है। पत्र में कहा गया है कि एलपीजी गैस से संबंधित डेटा उपलब्ध करवाया जाए। गैस एजेंसियों से खपत का डेटा मांगा मंत्री ने आगे बताया कि पत्र में यह जानकारी भी मांगी गई है कि घरेलू खपत के लिए इस्तेमाल होने वाली एलपीजी की कुल दैनिक खपत कितनी है, कॉमर्शियल इस्तेमाल के लिए इस्तेमाल होने वाली एलपीजी की कुल रोजाना खपत कितनी है, आज की तारीख तक स्टोर किया गया स्टॉक (दिनों के लिए बफर) कितना है, ट्रांजिट में स्टॉक जो मिल सकता है (बफर दिनों में) उसका डेटा भी दिया जाए, और जो स्टॉक है वह कितने दिनों में घरेलू जरूरत पूरी कर सकता है। 4 तरह के होते हैं कॉमर्शियल सिलेंडरों भारत में कॉमर्शियल LPG गैस सिलेंडर मुख्य रूप से चार प्रकार के होते हैं, जो उनके वजन के आधार पर अलग-अलग होते हैं। इनमें 5 किलोग्राम, 19 किलोग्राम, 35 किलोग्राम और 47.5 किलोग्राम के सिलेंडर शामिल हैं। 5 किलोग्राम का सिलेंडर आमतौर पर छोटी दुकानों, चाय के ठेलों और फूड कार्ट में इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि यह हल्का और आसानी से ले जाने योग्य होता है। 1 9 किलोग्राम का सिलेंडर सबसे ज्यादा उपयोग में आने वाला कॉमर्शियल सिलेंडर है, जिसे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और कैंटीन में इस्तेमाल किया जाता है। 35 किलोग्राम का सिलेंडर मध्यम आकार के होटल या बड़े किचन में उपयोग किया जाता है, जबकि 47.5 किलोग्राम का सिलेंडर बड़े होटल, फैक्ट्री किचन और बैंक्वेट हॉल जैसी जगहों पर इस्तेमाल किया जाता है जहां गैस की खपत अधिक होती है।
हरियाणा में अब घरेलू-सिलेंडर की 25 दिन बाद होगी बुकिंग:जमाखोरी रोकने के लिए निर्णय, रोजाना होगी रिपोर्टिंग; कंपनियों से मांगा डेटा
