हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली से एक 15 वर्षीय किशोरी के मिसिंग मामले में खुलासा हुआ है। परिजनों को किशोरी के बैग से एक कागज मिला है, जिस पर ट्रेन टाइम और जाने को लेकर रूट का नक्शा बना हुआ है। इसमें काफी चीजों का जिक्र है, पर वह शॉर्ट में लिखा हुआ है, जिसे समझ पाना मुश्किल है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बच्ची के साथ प्लानिंग की गई है और इसमें किसी गिरोह का हाथ हो सकता है। इसे लेकर परिजनों ने एक नाइजीरियन व्यक्ति और लड़की के शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस इन बातों से अभी इन्कार कर रही है। यह कागज मिलते ही किशोरी के परिजन आज रविवार को डबवाली एसपी से मिलने पहुंचे। इस दौरान परिजनों को ठोस आश्वासन न मिलने पर एसपी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया। जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि चौक क्षेत्र निवासी किशोरी पिछले 5 दिनों से लापता है। लड़की की पहचान पंकज सिंगला की बेटी रोहिणी के रूप में हुई है। परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, कागज पर लिखी किशोरी की हैंड राइटिंग है, पर उसने ये कब और कैसे बनाया है। इसका किसी को पता नहीं है। क्या है पूरा मामला, जानिए परिजनों के अनुसार, रोहिणी दोपहर करीब ढाई बजे पड़ोस की दुकान से मैगी लेने निकली थी, लेकिन उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। काफी देर तक घर न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। उसकी आसपास कोई जानकारी न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि डबवाली पुलिस ने शुरुआती स्तर पर उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं दिया। परिजनों का कहना है कि मजबूरी में उन्होंने खुद ही रोहिणी की तलाश शुरू की और अलग-अलग शहरों तक पहुंचे। परिजनों के अनुसार, जांच के दौरान वे पहले राजस्थान के हनुमानगढ़ और सूरतगढ़ गए, जहां उन्हें कुछ सीसीटीवी फुटेज मिली। इसके बाद तलाश दिल्ली तक पहुंची। परिजनों का दावा है कि रोहिणी दिल्ली में दो मोबाइल नंबरों के संपर्क में थी, जिनमें से एक नंबर नाइजीरियन बताया जा रहा है, जबकि दूसरा नंबर एक युवती का है। परिजनों ने बताया कि वे उस युवती के घर तक भी पहुंचे, जहां दिल्ली पुलिस ने उन्हें पूरा सहयोग दिया। परिवार को आशंका है कि रोहिणी के गायब होने के पीछे किसी संगठित गिरोह की साजिश हो सकती है। उनका दावा है कि रोहिणी के बैग से एक तरह का “भागने का नक्शा” भी मिला है, जिससे यह मामला पूरी तरह योजनाबद्ध प्रतीत होता है। इस घटना में स्थानीय लड़कियों की भूमिका पर शक परिजनों का यह भी आरोप है कि मोबाइल फोन के माध्यम से रोहिणी को लगातार संपर्क में रखा गया और पूरी प्लानिंग के तहत उसे घर से बाहर निकाला गया। उन्होंने यह आशंका भी जताई है कि इस पूरे घटनाक्रम में कुछ स्थानीय लड़कियों की भूमिका भी हो सकती है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल रोहिणी की तलाश जारी है और परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच तेज की जाए, ताकि किशोरी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके। पुलिस पूरा सहयोग कर रही, जल्द तलाशा जाएगा : थाना प्रभारी शहर थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि पुलिस हर एंगल से बड़ी गहनता से जांच में जुटी है परिजनों के द्वारा भी पूरा सहयोग किया जा रहा है शीघ्र ही लापता लड़की को ढूंढ निकाला जाएगा।
डबवाली से लापता किशोरी के बैग से मिला नोट:ट्रेन टाइम-रूट का नक्शा बना, परिजनों SP कार्यालय पर प्रदर्शन, बोले-नाइजीरियन कनेक्शन की आशंका
