उमेश सिंह कुशवाहा के नामांकन पर आयोजित जनसभा में भारत सरकार के केन्द्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, बिहार सरकार के मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मंत्री श्रवण कुमार, विधानपार्षद संजय सिंह, जनाब इरशादउल्लाह सहित राजग के कई वरीय नेतागण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। राजग के कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित बिहार, विकसित महनार’ के संकल्प के साथ रिकाॅर्ड मतों के साथ महनार सीट को राजग की झोली में डालने का दृढ़ निश्चय किया।
सभा को संबोधित करते हुए उमेश सिंह कुशवाहा ने भी कहा कि जिस सेवा-संकल्प और समर्पण की भावना के साथ नीतीश कुमार ने बिहार को संवारने का कार्य किया है, उसी मनोभाव और दृढ़ निश्चय के साथ वह ‘नए महनार’ के निर्माण में अपना सर्वस्व समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि अपने नेता के कुशल मार्गदर्शन और महनार की जनता के आशीर्वाद से इस बहुमूल्य जिम्मेदारी का निर्वहन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और उत्साह के साथ करेंगे।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 14 नवंबर को महनार सहित पूरे बिहार में राजग की जीत का परचम लहराएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार का कायाकल्प हो रहा है और आने वाला पांच साल महनार सहित पूरे बिहार के लिए स्वर्णिम दौर साबित होने वाला है।
