ऊना और कांगड़ा की रातें शिमला से ठंडी, 23 अक्तूबर तक नहीं बरसेंगे बादल

Spread the love

मैदानी इलाकों में दिन में हल्की उमस महसूस की जा रही है, लेकिन रातें ठंडी हो गई हैं। खास बात यह है कि मैदानी और निचले जिलों ऊना और कांगड़ा की रातें अब हिल स्टेशन शिमला से ज्यादा ठंडी हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में यह 13.9 डिग्री, कांगड़ा में 13.8 डिग्री, धर्मशाला में 12.1 डिग्री और पालमपुर में 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी इन शहरों की रातें शिमला से अधिक ठंडी रहीं। शिमला से सटे सोलन में भी न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला से कम है।

जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलंग प्रदेश का सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जनजातीय क्षेत्रों में कुकुमसेरी में तापमान 2.4 डिग्री, ताबो में 3.6 डिग्री और कल्पा में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य के अन्य शहरों में मनाली का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, भुंतर 10.8, रिकांगपिओ 9.4, नारकंडा 9.7, कुफरी 12.3, भरमौर 11.5, सुंदरनगर 14.8, मंडी 14.5, हमीरपुर 15.9, बिलासपुर 17.2, नाहन 16.3, सराहन 11.5, पांवटा साहिब 20, देहरा गोपीपुर 16, नेरी 17.7 और बजुआरा में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री बढ़ा है, जबकि पिछले 24 घंटों में इसमें 0.2 डिग्री की हल्की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल प्रदेश में एक हफ्ते तक कहीं भी वर्षा व बर्फबारी होने के आसार नहीं हैं।