बहादुरगढ़ में शादी के 3 महीने बाद नवविवाहिता की मौत:पिता बोले- बेटी की हत्या की गई; फोन पर रोते हुए कहा-मुझे ले जाओ

Spread the love

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के पटेल नगर इलाके में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या करार दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। दो बार ही मायके आई थी रानी
गांव जोरासी, तावडू के रहने वाले लक्ष्मण ने बताया कि उनकी बेटी रानी की शादी 5 दिसंबर को पटेल नगर निवासी विशाल से हुई थी। शादी के बाद वह केवल दो बार अपने मायके आई थी। 1 मार्च को रानी ने दोपहर करीब ढाई बजे अपनी मां रविता से फोन पर बात की थी। फोन पर रोने लगती थी
परिजनों के अनुसार, रानी अक्सर फोन पर रोते हुए कहती थी कि उसे मायके ले जाया जाए। लक्ष्मण ने बताया कि 1 मार्च को भी रानी फोन पर बात करते हुए काफी रोई थी। उनका कहना है कि ससुराल वाले उसे मायके नहीं जाने देते थे और उन्होंने ही उसकी हत्या की है। जेठ का फोन आने के बाद मिली मौत की सूचना
लक्ष्मण ने बताया कि सोमवार रात उनके पास रानी के जेठ सचिन का फोन आया, जिसमें उन्हें तुरंत बहादुरगढ़ पहुंचने को कहा गया। जब उन्होंने कारण पूछा तो सचिन ने कुछ नहीं बताया। बाद में दामाद विशाल ने फोन पर सूचना दी कि रानी ने फांसी लगा ली है। पिता बोले—‘बेटी पढ़ी-लिखी थी, आत्महत्या नहीं कर सकती’
सूचना मिलने पर परिजन सोमवार देर रात बहादुरगढ़ पहुंचे। पिता लक्ष्मण का कहना है कि उनकी बेटी पढ़ी-लिखी थी और वह आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि रानी की हत्या की गई है और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी टीम
बहादुरगढ़ पुलिस ने लक्ष्मण के बयान दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना सेक्टर-6 पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और जांच हर एंगल से जारी है।