गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिरसा दीघवा दुबौली गांव में नवविवाहिता की जलकर मौत हो गई। मायके वालों ने पति और उसके भाई पर जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सिरसा दीघवा दुबौली गांव निवासी विकास कुमार सोनी की पत्नी प्रियंका देवी(19) के रूप में हुई है। दरअसल, कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी जय गोविंद सोनी ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी 20 अप्रैल को विकास कुमार सोनी से की थी। मायके वालों के अनुसार, शादी में ससुराल पक्ष की सभी मांगें पूरी की गई थीं। पति का भाभी के साथ था अवैध संबंध प्रियंका के चाचा संतोष सोनी ने आरोप लगाया है कि शादी के दो महीने बाद प्रियंका को पति के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध की जानकारी मिली। प्रियंका ने इसका विरोध किया, जिसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके साथ ही, दहेज में चार पहिया वाहन की मांग भी की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर प्रियंका को और अधिक प्रताड़ित किया जाने लगा। प्रियंका ने इसकी शिकायत अपने मायके वालों से की थी, जिसके बाद समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया था। कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन फिर पति ने भाभी से बात करना शुरू कर दिया, जिसका विरोध करने पर फिर से मारपीट होती थी। इसी बीच प्रियंका की मौत हो गई। पड़ोसियों ने मायके वालों को इसकी जानकारी दी। परिजन को दूसरे घर में मिला शव मायके वाले जब पहुंचे, तब तक पति और उसका भाई घर छोड़कर फरार हो चुके थे। शव दूसरे घर में रखा मिला। मायके वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि एक विवाहिता की जलने से मौत होने की सूचना मिली है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। कुछ लोगो ने बताया है कि आयरन करने के दौरान करंट लगने से झुलसा कर मौत हुई है। फिलहाल मृतका के परिजन ने आवेदन नहीं दिया है।
गोपालगंज में नवविवाहिता की जलने से मौत:पति का भाभी से था अवैध संबंध, परिजन ने ससुराल वालों पर हत्या का लगाया आरोप
