इंदौर में 60 लाख के गहने और नकदी की चोरी का मास्टरमाइंड दंपती का भतीजा ही निकला है। उसी ने चोरी की पूरी साजिश रची थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंची है। बावजूद इसके अब तक न तो पूरा खुलासा हो सका है, न ही चोरी का माल बरामद किया गया। दंपती का भतीजा रोहित उर्फ गोलू हिरासत में है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने दोस्त लक्की बोरासी और सुधांशु प्रजापत के साथ वारदात को अंजाम दिया था। इनके अलावा एक अन्य साथी भी था। चोरी के बाद गोलू के साथी जेवर और नकदी लेकर भाग गए। ऐसे में गोलू के पास से कोई रकम बरामद नहीं हुई है। पूछताछ के दौरान गोलू ने पहले उनके राजस्थान जाने की बात कही थी। पुलिस की एक टीम वहां भी पहुंची, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। बता दें, बाणगंगा थाना क्षेत्र के डागर मोहल्ले में 7 फरवरी को बाणेश्वरी कुंड के पीछे स्थित एक मकान से बदमाश 35 लाख रुपए नकद और 25 लाख रुपए का सोना लेकर फरार हो गए थे। वारदात के समय मकान मालिक विनोद यादव और उनकी पत्नी मनीषा वैष्णो देवी गए हुए थे। जब वे लौटे तो सोमवार को उन्हें इसकी जानकारी लगी। बिना हिस्सा दिए साथी हो गए फरार वारदात के बाद मिले सीसीटीवी फुटेज में दो चोर विनोद यादव के घर में जाते दिखाई दिए, जबकि गोलू बाहर ही खड़ा था। पुलिस ने हुलिए के आधार पर अन्य फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी से एक-दो दिन पहले और बाद में गोलू, लक्की और सुधांशु लगातार मोबाइल पर संपर्क में थे। देर रात उन्होंने चोरी से पहले एक-दूसरे को मैसेज कर बाहर बुलाया था। चोरी के बाद सुधांशु, लक्की और उनका साथी बिना गोलू को हिस्सा दिए फरार हो गए। डर के चलते गोलू ने किसी को कुछ नहीं बताया। घटना की रात वह देर तक गली में घूमता दिखा, जिससे पुलिस का शक उस पर और गहराया। गोलू ने पुलिस को बताया है कि उसने चाचा के लाखों के प्लॉट बेचने की बात अपने दोस्तों को बताई थी। इसके बाद सभी ने 6-7 फरवरी की रात वारदात को अंजाम दिया था। 9 फरवरी को दंपती इंदौर लौटे, तब उन्हें चोरी की जानकारी मिली और मामला पुलिस तक पहुंचा। प्लॉट के सौदे से मिले थे 35 लाख रुपए जानकारी के मुताबिक विनोद यादव का रामनगर क्षेत्र में एक प्लॉट था, जिसे उन्होंने कुछ दिन पहले बेचा था। इस सौदे से उन्हें 35 लाख रुपए नकद मिले थे, जिन्हें उन्होंने नई संपत्ति खरीदने के इरादे से घर में रखे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्धों की जानकारी सामने आई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। यह खबर भी पढ़ें… इंदौर में परिवार के घर से 60 लाख की चोरी इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक दंपति के घर से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दंपति वैष्णोदेवी यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर से करीब 25 लाख रुपए के सोने के आभूषण और 35 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी सोमवार को घर लौटने पर सामने आई। पूरी खबर यहां पढ़ें…
इंदौर में भतीजा निकला 60 लाख की चोरी का मास्टरमाइंड:बिना हिस्सा दिए नकदी-गहने लेकर साथी गायब; राजस्थान पहुंची पुलिस टीम भी खाली हाथ
