गोहाना में भतीजे ने फूंकी चाचा की लाखों की पराली:’तेरा नाश कर दूंगा’ कहकर लगाई आग; कब्रिस्तान में रखी थी 50 एकड़ की पराल

Spread the love

सोनीपत के गोहाना क्षेत्र के गांव ढुराना में एक युवक द्वारा अपने ही चाचा की मेहनत की कमाई को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पुरानी कहासुनी का बदला लेने के लिए करीब 50 किले की पराली (पुराल) को जलाकर राख कर दिया। मुंडलाना पुलिस चौकी ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी भतीजे के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी अनुसार, गांव ढुराना निवासी मंगतू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पराली खरीदने और बेचने का काम करता है। उसने अपने और आसपास के गांवों से करीब 150 से 200 किले की पराली खरीदकर गांव के कब्रिस्तान के पास इकट्ठा की हुई थी। इसमें से वह करीब 100-150 किले की पराली बेच चुका था, जबकि करीब 50 किले की पुराल अभी मौके पर मौजूद थी। पहले ही दे रखी थी धमकी शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 जनवरी 2026 की रात को उसके भतीजे सराजूदीन के साथ उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय सराजूदीन ने धमकी दी थी कि वह उसका नाश कर देगा। आरोप है कि उसी रात रंजिश रखते हुए सराजूदीन ने पराली के ढेर में आग लगा दी। पीड़ित ने बताया कि गांव में अपने स्तर पर पूछताछ और तसल्ली करने के बाद अब उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने दर्ज किया केस मुंडलाना चौकी के एएसआई (ASI) संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी सराजूदीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f) (आग या विस्फोटक पदार्थ द्वारा संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुँचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर की प्रतियां उच्च अधिकारियों को भेज दी गई हैं। एएसआई रामबीर और उनकी टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।