बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना में पूर्णिया जिले की सातों सीटों — धमदाहा, पूर्णिया सदर, कसबा, रूपौली, बनमनखी, अमौर और बायसी — से मिले ताज़ा रुझानों ने इस बार के चुनावी समीकरण बदल दिए हैं। अब तक मिले अपडेट के अनुसार एनडीए ने जिले में मज़बूत बढ़त बनाई है, जबकि कुछ सीटों पर एआईएआईएम और कांग्रेस ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। पूरे जिले में मतगणना के केंद्रों पर भारी सुरक्षा के बीच राउंड-दर-राउंड परिणाम सामने आते जा रहे हैं।
धमदाहा विधानसभा से जदयू की लेशी सिंह ने 23वें राउंड तक 1,12,558 वोट प्राप्त कर 48,000 से अधिक की जबरदस्त बढ़त बना ली है। बाद के रुझानों में उनकी बढ़त 55 हज़ार से भी पार पहुंच गई, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। पूर्णिया सदर में भाजपा प्रत्याशी विजय खेमका लगातार मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। 20वें राउंड की गिनती के बाद खेमका को 97,438 मत मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र यादव 64,557 वोटों के साथ काफी पीछे हैं। यहाँ विजय खेमका की बढ़त 32,881 वोटों की हो गई है।
कसबा विधानसभा में लोजपा (रामविलास) के नितेश कुमार सिंह ने चुनावी मुकाबले में बढ़त कायम रखी है। 15वें राउंड की गिनती के बाद उन्हें 56,551 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी मो. इरफान आलम को 40,131 मत प्राप्त हुए। यहाँ नितेश कुमार सिंह 16,420 की बढ़त बनाए हुए हैं। इसी बीच, अमौर और बायसी की सीटों पर एआईएमआईएम ने परचम लहराया है। अमौर में अख्तरुल ईमान लगभग 34,000 वोट से आगे चल रहे हैं, जबकि बायसी में गुलाम सरवर को स्पष्ट बढ़त मिली हुई है।
रूपौली और बनमनखी में भी एनडीए उम्मीदवारों का पलड़ा फिलहाल भारी है और दोनों ही सीटों पर भाजपा-जदयू गठबंधन आगे चल रहा है। कुल मिलाकर, सीमांचल की सातों सीटों के रुझान बताते हैं कि इस बार क्षेत्र में एनडीए अपना प्रभाव मजबूत करने में सफल रहा है, जबकि एआईएमआईएम ने अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में फिर से अपनी पकड़ दिखाई है। जिले की सभी सीटों के अंतिम नतीजों पर अब पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।
