हरियाणा के नारनौल में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार पर मनरेगा योजना का नाम बदलने, बजट घटाने और ग्रामीण मजदूरों के काम के अधिकार से खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मौके पर कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रूपरेखा भी साझा की गई। जिसके तहत 11 जनवरी को एक दिन का उपवास व प्रतीकात्मक विरोध, 12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलेगा। जबकि, 30 जनवरी को वार्ड स्तरीय शांतिपूर्ण धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय धरना, 7 से 15 फरवरी तक राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव तथा 16 से 25 फरवरी तक आंचलिक स्तर पर एआईसीसी की रैलियां आयोजित की जाएंगी। मनरेगा सरकारी योजना नहीं, अधिकार : राव एक होटल में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक कानूनी अधिकार है। जिसे यूपीए सरकार ने वर्ष 2005 में लागू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में मनरेगा का बजट लगातार घटाया गया है, मजदूरी के भुगतान में देरी हो रही है और काम मांगने के बावजूद मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पा रहा। भाजपा की ओछी सोच : राव नरेंद्र सिंह उन्होंने कहा कि भुगतान व जॉब कार्ड सत्यापन के नाम पर लाखों गरीब मजदूरों को इस योजना से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत रोज़गार और आजीविका समशन (ग्रामीण) (G RAM G) कर दिया, जो उसकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर भाजपा ने अपनी ओछी सोच का परिचय दिया है। रोजगार की गारंटी नहीं : राव उन्होंने नए कानून का जिक्र करते हुए कहा कि मजदूरी का भुगतान केंद्र और राज्य के बीच 60:40 के अनुपात में करने का प्रावधान किया गया है, जबकि अधिकांश राज्य सरकारें कर्ज में डूबी हैं। ऐसे में मजदूरों को समय पर भुगतान कैसे होगा, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए प्रावधानों में रोजगार की कोई ठोस गारंटी नहीं है। कहा कि, फसल के समय काम नहीं मिलेगा और मजदूरों को अन्य गांवों में काम करने के लिए भेजा जाएगा, जो न्यूनतम मजदूरी में संभव नहीं है। कांग्रेस ने मनरेगा के तहत रोजगार के दिनों को 125 से बढ़ाकर 200 करने, न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने और देरी से भुगतान पर मुआवजा देने की मांग उठाई। यह पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यवीर यादव, हरियाणा युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष राज सुनेश यादव, पूर्व जिला सत्र न्यायाधीश राकेश यादव, कुलदीप भरगड़, दलीप सिंह, सुमेर सिंह, महेंद्र राता, धीरज शर्मा व तोताराम कोली सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
हरियाणा में कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी अभियान कल से:प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र बोले- भाजपा ने मनरेगा को किया कमजोर, नाम बदलना महात्मा गांधी का अपमान
