आध्यात्मिक ज्ञान नशे से मुक्ति के साथ सम्बल भी प्रदान करेगाः देविका रघुवंशी
महाकुम्भ नगर, 15 फरवरी (हि.स.)। महाकुम्भ में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा सेक्टर-7 में लगे स्वर्णिम भारत ज्ञान कुंभ मंडप में सिक्योरिटी प्रोफेशनल्स के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता रक्षा लेखा महानियंत्रक देविका रघुवंशी ने कहा कि आपके कार्यक्रम के जरिए लोग नशा मुक्त बनने का संकल्प लेने के साथ-साथ सशक्त भी बनेंगे। साथ ही उन्हें आध्यात्मिक ज्ञान निरोगी बनाने के साथ-साथ सम्बल भी प्रदान करेगा।
प्रधान नियंत्रक संदीप सरकार ने संबोधित करते हुए कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति का स्वास्थ्य ही नहीं बिगाड़ता, बल्कि उनके परिवार के साथ-साथ समाज को भी प्रभावित करता है। इसीलिए ब्रह्माकुमारी द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के जरिये देश के कोने-कोने में जाकर लोगों को व्यसन मुक्त व तनाव मुक्त बनाने का प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है। नशा मुक्ति संदेश देने के लिए हमें आपका सहयोग तो मिलता ही है। हमें नशे को समाज तक पहुंचने से रोकना है।
ज्ञान कुंभ मंडप की संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मनोरमा ने कहा कि राजयोग हमें परमात्मा से सम्बंध जोड़ना सिखाता है, जिससे हमारा तन और मन दोनों स्वस्थ और सशक्त बनता है। वर्तमान समय हर मनुष्य आंतरिक रूप से कमजोर होता जा रहा है। इसीलिए वह अपने अंदर की बुराइयों पर सहजता से जीत नहीं पाता। लेकिन जब व्यक्ति आध्यात्मिकता से जुड़ता है, तो उसके अंदर की सुषुप्त शक्तियां जागृत होने लगती हैं। वह अपने अंदर की सभी बुराइयों पर धीरे-धीरे विजय पाने लगता है। आज के समय में हर वर्ग के व्यक्ति को राजयोग अपनाने की जरूरत है।
इस दौरान ब्रह्माकुमारी संस्थान के मुख्यालय माउंट आबू से आए मेडिकल प्रभाग के कार्यकारी सदस्य डॉक्टर बनारसी लाल शाह ने भी नशा मुक्ति अभियान के जरिए देश भर में लोगों को व्यसन मुक्त बनाने की दिशा में किस तरह ब्रह्माकुमारीज लगातार प्रयासरत है उसके बारे में जानकारी दी।
—————
