सीएम ने घोषणा की कि कलौदा खुर्द में स्टेडियम बनाया जाएगा। गांव अमरगढ़ में पशु अस्पताल को लेकर जमीन मुहैया करवाए जाने पर वहां पशु अस्पताल 40 लाख रुपये से बनवा दिया जाएगा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय कर्मगढ़, बिधराना, दबलैन, दनौदा, हथो, ढाणी स्कूलों के लिए भी वो चार करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा करते हैं। अमरगढ़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बिधराना में सब हेल्थ सेंटर को लेकर भूमि उपलब्ध करवाने पर वहां भी बनाने की घोषणा की। नरवाना में नई सब्जी मंडी की जमीन उपलब्ध करवाने पर नई सब्जी मंडी बना दी जाएगी।
मेला, धमतान, गढ़ी, दनौदा कलां अनाज मंडियों के निर्माण के लिए पांच करोड़ देने की घोषणा की। टोहाना से धमतान साहिब तक रजवाहे के पुनर्निमाण को लेकर पांच करोड़ की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी द्वारा नरवाना की मेला मंडी में आयोजित रैली में सीएम नायब सैनी ने बोलते हुए कहा कि विपक्ष के लोग झूठ बोल कर जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। लोग कहते हैं कि नरवाना घर हैं उनका, टवीट करते रहते हैं लेकिन घर के लिए करते कुछ नही हैं। कांग्रेस कार्यकाल में विकास नहीं होता था। वर्ष 2014 से अबतक नरवाना क्षेत्र में विकास के लिए 2,105 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। कांग्रेस कार्यकाल में मात्र में 607 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। अब आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हैं।
भाजपा सरकार ने नरवाना के लिए 111 घोषणाएं की थी, जिनमें से 98 को पूरा कर लिया गया है। वहीं जींद जिला में कुल 627 घोषणाएं की थी उनमें से 541 घोषणाएं पूरी कर ली हैं और शेष पर काम चल रहा है। सीएम ने पिछली सरकारों पर हमला बोला और कहा कि आप लोग तालियां बजाते थे लेकिन विकास नहीं होता था। लोगों की जरूरतों के बारे में किसी ने नहीं सोचा। विकास की बात कभी नही की गई। पहले यहां केवल राजनीति होती थी लेकिन विकास की बात नहीं होती थी। हमने इस परम्परा को तोड़ा है। नरवाना को वह विकास और सम्मान दिया है जिसके आप हकदार थे।
