‘मेरा सपना टूटा गया, बेटी को डॉक्टर बनाना चाहता था’:कानपुर में रेप के बाद बच्ची की हत्या, परिजन बोले- दरिंदों को फांसी हो

Spread the love

कानपुर में 11 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या की वारदात ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। बुधवार को दिनभर चले हंगामे के बाद शाम को पुलिस और परिवार वालों ने शव को खेत में दफना दिया। घर-परिवार में चूल्हे तक नहीं जले और हर घर में शोक का माहौल रहा। गांव के लोग उसे अपने परिवार का हिस्सा मानते थे। किसी के लिए वह दादी कहने वाली बच्ची थी तो किसी के लिए भैया बुलाने वाली। दैनिक भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से लगभग 25 किमी दूर बिधनू के उस गांव पहुंची, जहां ये वारदात हुई थी। गांव में परिजन घर के बाहर गमगीन बैठे मिले। पिता ने रोते हुए कहा- मेरा तो सपना ही टूट गया। बेटी को पढ़ा-लिखाकर डॉक्टर बनना चाहता था, लेकिन पड़ोसी दरिंदे ने उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्याकर शव को गांव के किनारे खेत में गाड़ दिया था। जैसे मेरी बेटी ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ा, वैसे ही आरोपियों को भी तड़पा कर मारा जाना चाहिए, ऐसी ही सजा उसे मिले। पड़ोस के ही 3 सगे भाइयों पर रेप-हत्या का आरोप परिवार ने लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों को पहले अरेस्ट कर लिया था। तीसरे को बुधवार रात मुठभेड़ में पकड़ा। पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हुआ है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट….. 2 तस्वीरें देखिए…. सबसे पहले पूरा मामला जानिए…. 16 मार्च को बच्ची अपनी बहन के साथ बकरी चराने गई थी बिधनू थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 11 साल बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ 16 मार्च को दोपहर 3 बजे बकरियां चराने गई थी। बड़ी बहन बकरी का बच्चा छोड़ने घर गई। करीब 2 घंटे बाद जब वह खेत पर पहुंची, तो छोटी बेटी लापता थी। उसने आवाज लगाई, जब वह नहीं मिली तो उसने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। परिवार और आसपास के लोगों ने गांव में खोजबीन की। जब कहीं कुछ पता नहीं चला, तो शाम 7 बजे बिधनू थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने गांववालों के साथ गांव और आसपास खेतों में बच्ची की खोजबीन शुरू की। देर रात तक बच्ची नहीं मिली। इसके बाद रात करीब 2 बजे पुलिस लौट गई। सुबह खेत में गड़ी मिली बच्ची के पिता ने बताया- 17 मार्च (मंगलवार) सुबह 8 बजे हम लोग घर से 500 मीटर दूर एक खेत में गए। वहां एक जगह खुदी हुई मिट्‌टी दिखी। मिट्‌टी में नमी देखकर हमें शक हुआ कि इसे कुछ देर पहले ही खोदा गया है। सभी ने उस जगह गड्‌ढा खोदना शुरू किया। फिर बच्ची की लाश दिखी। गड्‌ढे में बच्ची की न्यूड लाश थी, प्राइवेट पार्ट पर खून था। शरीर पर कई निशान थे। इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम कराने के लिए ले जाने लगी, तब भी गांववाले भड़क गए थे। वे लोग आरोपी को तत्काल सजा दिलाने की मांग करने लगे। पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मी मासूम का शव लेकर भागने लगे थे। पुलिस जीप में बैठने के दौरान एक-दो पुलिसकर्मी गिर भी गए थे। इसी बीच, भीड़ ने पुलिस की गाड़ी घेर ली थी। फिर पुलिसवाले पैदल ही शव लेकर भागे थे। शाम करीब 6.30 बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। इसमें पता चला कि बच्ची के साथ रेप किया गया। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर 10 से अधिक चोट के निशान मिले। अंतिम संस्कार करने से मना किया पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार सुबह बच्ची का शव जब घर पहुंचा, तो घरवालों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। पुलिस अफसर और भाजपा नेता परिवारवालों को मनाते रहे, लेकिन वे लोग राजी नहीं हुए। 8 घंटे तक हंगामे के बाद घरवाले अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस और गांववालों ने शाम को खेत में जेसीबी से गड्‌ढा खोदकर शव दफना दिया। अब पढ़िए परिवार वालों ने जो बताया.. बड़ी होकर डॉक्टर बनूंगी, आपका इलाज करूंगी बच्ची की बड़ी चाची ने कहा- बच्ची का सपना डॉक्टर बनने का था। वह अक्सर कहती थी कि चाची, आप परेशान मत होइए, मैं पढ़-लिखकर डॉक्टर बनूंगी और आपका इलाज करूंगी। जब भी गांव में मेला लगता था, तो बच्ची डॉक्टर किट लेने की जिद करती थी और इसके लिए उनसे पैसे भी लेती थी। चाची ने भावुक होकर कहा- उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इतनी मासूम बच्ची के साथ कोई ऐसा करेगा। लालच देकर साथ ले गया आरोपी छोटी चाची ने बताया- 16 मार्च को बच्ची बकरियां चराने गई थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक गणेश के बेटे ने बच्ची को 10 रुपए का लालच देकर पत्ते रखने के लिए घर भेजा। जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उन्होंने बताया- 17 मार्च की सुबह बच्ची का शव गांव के पास खेत में गड़ा हुआ मिला। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें जानें नहीं दिया। लेकिन पहचान बताने के बाद उन्हें जाने दिया गया। चाची ने बताया- बच्ची वह नग्न अवस्था में थी। उसके होठ में कई जगह पर काटने के निशान बने हुए थे। उसके प्राइवेट पार्ट से ब्लड आ रहा था, जिससे दिख रहा था कि उसके साथ दरिंदगी की गई है। मेरी बच्ची को दरिंदों ने मार डाला। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बड़ी बहन बोली- मैं बकरी के बच्चे को छोड़ने घर आई उसके बाद से बहन नहीं मिली साथ में बकरी चराने गई बड़ी बहन ने रुंधे हुए गले से बताया- मैं अपनी छोटी बहन के साथ 3 बकरियां और दो बच्चे लेकर पास के खेत में चराने के लिए गई थी। लगभग 1 घंटे चराने के बाद मैं बकरियों के बच्चों को घर छोड़ने के आ गई। बकरियों को देखने के लिए वह खेत में ही रुकी थी। इसी दौरान गणेश के बेटे ने मेरी बहन को बुलाकर दस रुपए दिए और पत्ते घर पर रखने को बोला था। वापस लौटने पर बहन नहीं मिली। इस बात की सूचना मैंने परिजनों को दी। परिजनो ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस मासूम की तलाश कर रही थी, तभी मासूम का शव खेत में गड़ा मिला था। आरोपी के घर पर लगा ताला, गांव में पसरा सन्नाटा पीड़ित पक्ष से बातचीत करने के दैनिक भास्कर की टीम आरोपी पक्ष के घर पहुंची। आरोपी के घर पर ताला लगा था। घर के बाहर एक कंपनी पीएसी बल को तैनात मिला। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी के घर को फूंकने की कोशिश की थी। वहीं, गांव में माहौल तनावपूर्ण है। मासूम की मौत के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। हर किसी की आंखें नम थीं और लोगों के चेहरों पर आरोपियों के खिलाफ गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था। गांव की गलियों में खामोशी छाई रही। चाय की दुकानों से लेकर पान की गुमटियों तक, हर जगह इस दर्दनाक घटना की ही चर्चा होती रही। कैसे मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को खेत में गाड़ दिया गया। एसीपी बोले- ऐसे लोग समाज के लिए खतरा घाटमपुर के एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया- दो संदिग्धों को पहले ही पकड़ा था। तीसरा आरोपी बुधवार रात मुठभेड़ में पकड़ा गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस तरह के अपराध करने वाले लोग समाज के लिए गंभीर खतरा हैं। ——————— ये खबर भी पढ़िए- कानपुर में रेप के बाद हुई थी बच्ची की हत्या:8 घंटे चला हंगामा, खेत में दफनाया गया शव कानपुर में 11 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या कर दी गई। पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार सुबह बच्ची का शव जब घर पहुंचा, तो घरवालों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। पढ़ें पूरी खबर…