नारनौल में जमानत पर आए युवक की हत्या:जमीन को लेकर हुआ विवाद, छह दिन पहले ही आया था जेल से बाहर

Spread the love

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव खातोदड़ा में जमीनी विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक युवक पहले किसी मामले में जेल में बंद था। वह छह दिन पहले ही नसीबपुर जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। गुरुवार रात करीब 10 बजे गांव खातोदड़ा में किसी बात को लेकर गांव के ही सोमदत्त उर्फ गुटका का कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद ने जल्द ही मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें सोमदत्त को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचे। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही महेंद्रगढ़ सदर थाना पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सबूत एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जमानत पर आया था मृतक युवक सूत्रों के अनुसार, इस वारदात में आर्मी का एक जवान भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक सोमदत्त उर्फ गुटका करीब छह दिन पहले ही नसीबपुर जेल से जमानत पर बाहर आया था। पीजीआई में कराया पोस्टमार्टम महेंद्रगढ़ सदर थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में करवाया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जमीनी विवाद से जुड़ा मामला प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे के सभी तथ्यों का खुलासा हो सके।