सोनीपत में आंगनबाड़ी वर्कर का मर्डर:जेवर लूट के इरादे से वारदात; तेजधार हथियार से वार; खून से लथपथ मिला शव

Spread the love

हरियाणा के सोनीपत जिले में महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। लूट के इरादे से की गई वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। महिला के शरीर पर तेजधार और भारी हथियार से किए कई घाव मिले हैं, जबकि सोने के आभूषण भी गायब पाए गए। सूचना मिलने पर पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल लाया गया और वहां से खानपुर मेडिकल में रेफर कर दिया गया है और खानपुर में पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा, मामले में जांच कर रही है। गांव में लगे हुए सीसीटीवी चेक कर रही है। मकान में मिला महिला का खून से लथपथ शव गांव सलीमपुर ट्राली के रहने वाले रामनिवास ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह डीडीए दिल्ली से सेवानिवृत है और जहां सोनीपत के मयूर विहार में अपना मकान बना रहे हैं और बाईपास पर किराए के मकान पर रहते हैं। रामनिवास ने बताया कि उनके गांव सलीमपुर ट्राली में उनकी पत्नी उषा दोपहर वीरवार को करीब दो बजे पुराने मकान में स्थित आटा चक्की पर गेहूं पिसवाने गई थी। शाम करीब चार बजे तक जब वह वापस नहीं लौटी और फोन भी नहीं उठाया, तो परिजन चिंतित हो गए। भतीजे साहिल के साथ जब चक्की वाले मकान का दरवाजा खोलकर अंदर गए, तो उषा फर्श पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी मिली। सिर, मुंह और हाथों पर गंभीर चोट पुलिस और एफएसएल टीम की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उषा के सिर, मुंह और हाथों पर तेजधार व भारी हथियार से गंभीर चोटें मारी गई थी। कानों के बाले खींचने के दौरान कान फट गया था। मृतका के गले की सोने की चेन, कानों के बाले और हाथ की अंगूठी मौके से गायब मिले, जबकि चेन का लोकेट शव के नीचे पड़ा मिला। इससे साफ है कि अज्ञात आरोपियों ने लूट के इरादे से हत्या की। आंगनबाड़ी में करती थी काम जानकारी के मुताबिक महिला उषा गांव में आंगनवाड़ी वर्कर थी और पिछले लंबे समय से गांव में आंगनवाड़ी वर्कर के तौर पर काम कर रही थी। प्रतिदिन वह आंगनबाड़ी का काम करने के साथ-साथ अपने घर के काम में व्यस्त रहती थी, उसके दो बेटे हैं। एक बेटा दिल्ली में कांट्रेक्चुअल जॉब में है और दूसरा विदेश में गया हुआ है। उसका बेटा विदेश से घर आया हुआ है। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम घटना की सूचना 112 पर दी गई, जिसके बाद ERV टीम, थाना मोहाना पुलिस और एफएसएल टीम सोनीपत और SHO मौके पर पहुंचे। डॉ. रवि के नेतृत्व में एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और ट्रैकर डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज, जांच जारी रामनिवास की शिकायत के आधार पर थाना मोहाना में धारा 103(1), 310(3), 332(1) BNS के तहत दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस टीम मौके पर रहकर हर एंगल से जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। गांव में दहशत, जल्द खुलासे की मांग दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद गांव सलीमपुर ट्राली में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।