हरियाणा के नारनौल में राजस्थान के साथ लगते गांव मूसनौता में सादा की ढाणी में कुछ बदमाशों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद बदमाश कैंपर गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। परिजनों ने इस बारे में पुलिस को फोन किया। मृतक पपला गुर्जर गैंग का बदमाश था। वहीं आरोपी भी पहले उसका साथी रहा है। प्रत्यक्षदर्शी भीम सिंह ने बताया कि वह तथा गांव मुसनौता निवासी 33 वर्षीय पुष्कर बायल गांव के सरपंच दशरथ सिंह के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हुए थे। वे स्कॉर्पियो गाड़ी में गांव वापस आ रहे थे। कार्यक्रम से लौटते समय अचानक गांव के ही संदीप सिंह उर्फ संध्या ने उन पर हमला कर दिया। गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त इस दौरान आरोपी ने उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वह किसी तरह वहां से बचा, मगर युवाओं ने पुष्कर को बुरी तरह लाठी, डंडों व लोहे की रॉड से पीटा। जिसके कारण वह बुरी तरह घायल हो गया। चाचा पहुंचे मौके पर सूचना मिलने के बाद मृतक पुष्कर सिंह के चाचा पूरणमल भी मौके पर पहुंचे। पूरणमल ने बताया कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो आरोपी युवकों ने उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने हिंसक रवैया अपनाते हुए पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया। सख्त कार्रवाई की मांग घटना के बाद पुष्कर सिंह को नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। जिससे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। मृतक के परिजनों चाचा पूर्णमल व ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी संदीप उर्फ संध्या को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके। पहले दोनों थे साथी पता चला है कि पहले आरोपी संदीप तथा पुष्कर दोनों साथी थे तथा एक ही पपला गुर्जर गैंग के साथ काम करते थे। बताया जा रहा है कि इन दोनों पर ही 10-10 मामले दर्ज थे। सभी मुकदमें दोनों पर एक साथ लगे हैं। किसी बात को लेकर दोनों में दूरियां हो गई। वहीं आरोपी तथा मृतक दोनों ही युवाओं पर जिला महेंद्रगढ़ के अलावा राजस्थान में भी कई मामले दर्ज हैं। दोनों जेल काट चुके आरोपी संदीप करीब डेढ़ साल पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। वहीं पुष्कर भी करीब डेढ़ माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। घटना से भय का माहौल परिजनों का कहना है कि इस घटना से गांव में भय का माहौल बन गया है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं प्रशासन ने लोगों को आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नारनौल में पपला गुर्जर गैंग के बदमाश की हत्या:उसके ही पुराने साथी ने दिया वारदात को अंजाम, राजस्थान-हरियाणा में दोनों पर 10-10 मामले
