आपसी रंजिश में युवक को स्कॉर्पियो से कुचला, दो गिरफ्तार

Spread the love

जानकारी के अनुसार, इसरार पुत्र आरिफ निवासी कलेसर, हरियाणा ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 5 नवंबर को बाता पुल से आगे भूपपुर के समीप आशिक अली और खुर्शीद पुत्र जाहिद निवासी कलेसर, जिला यमुनानगर (हरियाणा) — जो दोनों सगे भाई हैं — ने आपसी रंजिश के चलते अशरफ अली पुत्र खेरदीन निवासी कलेसर को जान से मारने की नीयत से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से टक्कर मारी।

टक्कर लगने के बाद आरोपियों ने अशरफ अली को गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा अमजद अली और एक अन्य युवक पर भी जानलेवा हमला करते हुए गाड़ी चढ़ाई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आशिक अली और खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया है और आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि यह घटना आपसी पुरानी रंजिश के कारण हुई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।