जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के बुढीवीर के महेंद्र चौरसिया की निजी जमीन सड़क निर्माण में जा रहा है जिसके लिए भूमिधारण प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। भूमिधारण प्रमाण पत्र बनाने के लिए अंचल कार्यालय की ओर से बुढीबीर पंचायत सचिवालय में कैंप लगाया गया था, जिसमें महेंद्र चौरसिया ज़मीन के सारे कागजात प्रस्तुत कर प्रमाण पत्र बनवाने का आवेदन दिया था। महीना दिन बीत जाने के बाद भी प्रमाण पत्र नहीं बना तो मुक्तभोगी महेंद्र ने गुरुवार को अंचल कार्यालय पहुंचकर जानकारी ली तो पता चला कि अंचल निरीक्षक तक कार्य हो गया है, केवल सीओ का साइन नहीं हुआ है।
अंचल अधिकारी से साइन कराने के नाम पर चार हजार रुपये की मांग की गयी, जबकि पहले से तय था कि एक हजार रुपये मिठाई खाने के नाम पर देना है। अंचलकर्मी मनीष कुमार ने मुंहमांगे पैसे नहीं मिलने पर प्रमाण पत्र बनाने से इनकार कर दिया। कहा कि पैसे दोगे तभी काम होगा। इस कारण मामला बहस के बाद मारपीट और पुलिस तक पहुंच गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अंचलकर्मी मनीष कुमार की इसमें सरासर गलती है। उसने गुस्से में आकर आवेदक महेन्द्र चौरसिया को गाली गलौज की एवं मारपीट करने पर उतारू हो गए। मामला बढ़ता देख भुक्तभोगी ने जनप्रतिनिधियों को सूचना देकर कर बुलाया एवं कार्रवाई की मांग की।
अंचलाधिकारी ने बताया कि मनीष कुमार को फिलहाल चैनपुर से हटाया जाएगा। आवेदक को भूमिधारण प्रमाण पत्र बनाकर दिया जाएगा।
