मप्रः राजधानी की सड़कों पर देशभक्ति का जुनून, सुपर बाइक्स का रोमांच

Spread the love

भोपाल, 14 अगस्त । भारत की स्वतंत्रता के अमृत काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को बाइकर्स रैली का आयोजन किया गया। बाइक रैली में 100 से अधिक महिला और पुरुष बाइकर्स सम्मिलित हुए। बाइकर्स, बाइक्स पर सवार होकर, हाथों में तिरंगा लहराते हुए राजधानी की सड़कों पर निकले और एकता का संदेश दिया।

कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर से शुरू हुई इस रैली को ज्वाइंट डायरेक्टर (एडवेंचर) एस.के. श्रीवास्तव ने झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक रैली शौर्य स्मारक, वल्लभ भवन, विधानसभा, रोशनपुरा, गौहर महल, इकबाल मैदान, कोहेफिजा, वीआईपी रोड, रवीन्द्र भवन, राजभवन से होती हुई कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर पहुंची। हाथों में लहराते तिरंगों, आसमान में छोड़े गए रंग–बिरंगे गुब्बारों और “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” जैसे जोशीले नारों ने हर नागरिक को देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया।