सरदार@150 यूनिटी मार्च के तहत सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में 9,17 और 22 नवंबर को पदयात्रा का आयोजन

Spread the love

चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण” के विजन से प्रेरित है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करना है। युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक, सभी को भारत के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा चांदनी चौक जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग, केशवपुरम ज़िला अध्यक्ष अजय खताना, अनेक व्यापारिक नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य व्यक्ति रहे।

खंडेलवाल ने कहा कि सरदार@150 यूनिटी मार्च (एकता और कर्तव्य की यात्रा) अभियान का शुभारंभ 6 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा माय भारत पोर्टल पर डिजिटल रूप से किया गया। इसके प्रथम चरण में युवाओं के लिए सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, और सरदार@150 युवा नेता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें चयनित 150 युवा नेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के चरण जिला स्तरीय पदयात्राएं (31 अक्टूबर – 25 नवंबर) हर संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों में तीन दिवसीय पदयात्राएं आयोजित होंगी, जिनकी दूरी प्रतिदिन लगभग 8–10 किलोमीटर होगी।

खंडेलवाल ने कहा कि इस अभियान के तहत उनके नेतृत्व में तीन पदयात्राएं आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली पदयात्रा 9 नवंबर को कन्हैया नगर मेट्रो स्टेशन, त्रि नगर से आजादपुर चौक तक, दूसरे पदयात्रा 17 नवंबर को लाल किला से आजाद मार्केट तक और तीसरी पदयात्रा 22 नवंबर डीटी मॉल, शालीमार बाग से रानी बाग चौक तक आयोजित होगी। इन यात्राओं के माध्यम से एकता, राष्ट्रभावना और आत्मनिर्भरता के संदेश को सशक्त रूप से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पदयात्रा के लिए सभी इच्छुक प्रतिभागी माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल में व्यापारिक संगठन, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संस्थाएं, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर, विभिन्न पेशेवर समूह, युवा संगठन और स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे।