MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:युवकों ने भीड़ और पुलिस पर पटाखे फेंके, कांग्रेस विधायक का चुनाव निरस्त; नर्स ने पति को पीटा, ब्लेड से काटा

Spread the love

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव निरस्त; रामनिवास MLA घोषित मध्यप्रदेश में विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव ग्वालियर हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने माना कि नामांकन के दौरान उन्होंने अपने आपराधिक मामलों की जानकारी शपथपत्र में छिपाई थी। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए अदालत ने उनका चुनाव रद्द कर दिया। साथ ही दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी रामनिवास को विधिवत विधायक घोषित कर दिया गया है। फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विधानसभा सचिवालय जल्द ही औपचारिक अधिसूचना जारी कर सकता है। पढ़ें पूरी खबर 2. होटल में नर्स का पति पर जानलेवा हमला: सीने पर बैठकर ब्लेड से काटा, बाद में शराब पीती दिखी भोपाल में एक नर्स ने होटल के कमरे में अपने पति पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला सीहोर से पति से मिलने भोपाल आई थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने पति के सीने पर बैठकर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले के बाद वह कमरे में बैठकर शराब पीते और सिगरेट पीते हुए भी दिखी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर 3. मेडिकल कॉलेजों में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 16 मार्च तक स्थगित: डिप्टी CM से बैठक के बाद फैसला मध्यप्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में चल रही जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल फिलहाल 16 मार्च तक स्थगित कर दी गई है। सोमवार सुबह 9 बजे से शुरू हुई हड़ताल शाम 5 बजे तक चली। इसके बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के साथ हुई बैठक में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने आंदोलन टालने का निर्णय लिया। डॉक्टर लंबे समय से लंबित स्टाइपेंड संशोधन की मांग कर रहे हैं। दिनभर हड़ताल के कारण मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा और कई सेवाएं प्रभावित रहीं। फिलहाल सामान्य सेवाएं बहाल होंगी, जबकि 16 मार्च तक मांगों पर निर्णय का इंतजार रहेगा। पढ़ें पूरी खबर 4. मेले में चोरी के आरोप में नाबालिग को खंभे से बांधा: खिरकिया में रातभर खड़ा रखा हरदा जिले के खिरकिया मेले में चोरी के आरोप में एक नाबालिग को खंभे से बांधने का मामला सामने आया है। बताया गया कि देर रात युवक को चोरी करते पकड़ा गया था, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने उसे पकड़कर खंभे से बांध दिया और रातभर वहीं खड़ा रखा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर 5. धीरेंद्र शास्त्री बद्रीनाथ में करेंगे 21 दिन की साधना: बोले- कुछ लोग कहेंगे बाबा लौटकर मत आना बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा है कि वे बद्रीनाथ में 21 दिन की साधना करने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहेंगे कि बाबा अब लौटकर मत आना। हाल ही में उन्होंने अपने कुछ सेवादारों पर ‘लौंडियाबाजी’ के आरोप लगाते हुए विवादित बयान भी दिया था, जिसके बाद चर्चा तेज हो गई थी। शास्त्री ने कहा कि साधना के दौरान वे देश और समाज की भलाई के लिए प्रार्थना करेंगे। उनके बयान के बाद समर्थकों और विरोधियों में बहस भी छिड़ गई है। पढ़ें पूरी खबर 6. मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का कहर: एमपी में सामान्य से 3°C ज्यादा तापमान मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी तेज हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक महीने के पहले ही हफ्ते में तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। इंदौर और उज्जैन संभाग में सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है। कई शहरों में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास समय से पहले होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर 7. वर्ल्डकप जश्न में बवाल: देवास में पुलिस पर पटाखे फेंके, उज्जैन में दो समुदाय भिड़े टी-20 वर्ल्डकप जीत के जश्न के दौरान मध्यप्रदेश के कई शहरों में विवाद और झड़प की घटनाएं सामने आईं। देवास में जश्न मना रही भीड़ ने पुलिस पर पटाखे फेंक दिए, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं उज्जैन में दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, जबकि शाजापुर में मस्जिद के पास बम फोड़े जाने की घटना सामने आई। इन घटनाओं में करीब 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हालात काबू में कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर 8. कूनो में खुशखबरी: मादा चीता ज्वाला ने 5 शावकों को जन्म दिया, भारत में संख्या 53 हुई श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से अच्छी खबर आई है। यहां मादा चीता ‘ज्वाला’ ने पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 53 हो गई है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सभी शावक स्वस्थ हैं और उनकी निगरानी की जा रही है। कूनो में चीतों के सफल प्रजनन को प्रोजेक्ट चीता की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे भारत में चीतों की आबादी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. डायल-112 को झूठी सूचना: नशे में युवक बोला- जंगल में लाश पड़ी है, पुलिस ने घंटों तलाशा खंडवा में एक युवक ने नशे की हालत में डायल-112 पर फोन कर कहा कि उसके पिता ने उसकी मां की हत्या कर दी है और शव जंगल में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल में काफी देर तक शव की तलाश करती रही। बाद में जांच में पता चला कि सूचना पूरी तरह झूठी थी। युवक शराब के नशे में था और उसने मजाक में कॉल कर दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. मोहन कैबिनेट की अहम बैठक कल: कर्मचारियों को 3% महंगाई भत्ता मंजूर होने की संभावना मध्यप्रदेश में 10 मार्च को मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी। इस बैठक में सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कई अहम फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक कर्मचारियों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा अन्य प्रशासनिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी निर्णय लिया जा सकता है।