MP दिनभर: MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास. 1. इंदौर में मिसाइलों से उड़ा गुलाल, रंगों में डूबा आसमान इंदौर में पारंपरिक गौर रंग-गुलाल उत्सव इस बार बेहद खास अंदाज में मनाया गया। यहां मिसाइलों से गुलाल दागा गया, जिससे आसमान रंगों से भर गया। हाथी की सूंड और टैंक से भी रंगों की बौछार की गई। शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर हजारों लोग रंगोत्सव में शामिल हुए। वहीं उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होली गीतों पर झूमते नजर आए। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वेशभूषा में लोगों ने जमकर नृत्य किया। आयोजन में बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर 2. ग्वालियर में घर में भीषण आग, महिला जिंदा जली, खिड़कियां तोड़कर 5 को बचाया ग्वालियर में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही घर के अंदर तेज धुआं और लपटें उठने लगीं। इसके अंदर एक व्यापारी का परिवार फंस गया। इसमें एक महिला जिंदा जल गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और खिड़कियां तोड़कर घर के भीतर घुसी। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पढ़ें पूरी खबर 3. ‘मप्र शासन’ लिखी बोलेरो ने 4 को कुचला, 2 नाबालिगों की मौत सीहोर में ‘मप्र शासन’ लिखी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्चों की अर्थी सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। परिजनों का आरोप है कि वाहन चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर 4. भोपाल में कचरा वाहन ने ड्राइवर को कुचला, VIDEO सामने आया भोपाल में नगर निगम के कचरा वाहन ने एक ड्राइवर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मृतक के साथ काम करने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि आरोपी चालक को अधिकारियों का संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि चालक को बिना कमर्शियल लाइसेंस के ही नौकरी पर रखा गया था। हादसे के बाद कर्मचारियों में आक्रोश है और कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर 5. बदमाशों संग बर्थडे मनाने वाला हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड इंदौर में बदमाशों के साथ जन्मदिन मनाने वाले हेड कॉन्स्टेबल को पुलिस कमिश्नर ने निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में वह कुछ आरोपियों के साथ केक काटते और फोटो खिंचवाते नजर आ रहे थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जांच में पाया गया कि जिन लोगों के साथ पार्टी मनाई गई, वे आपराधिक मामलों में आरोपी हैं। पुलिस कमिश्नर ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की। पढ़ें पूरी खबर 6. जबलपुर में महिला की हत्या, कचरे के ढेर में मिला शव जबलपुर में एक महिला की हत्या कर उसका शव कचरे के ढेर में फेंक दिया गया। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से वार के निशान हैं। अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में फोटो दिखाकर पहचान कराने की कोशिश कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर 7. MP में बढ़ी गर्मी, मालवा-निमाड़ सबसे ज्यादा तपे मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेजी से दस्तक दे दी है। मालवा-निमाड़ क्षेत्र में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया, जहां दिन में लू जैसी स्थिति महसूस हुई। मौसम विभाग के मुताबिक रेगिस्तानी हवाओं के कारण तापमान में अचानक बढ़ोतरी हुई है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी पारा लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर 8. नर्मदा घाट पर 200 बच्चों की अनोखी क्लास जबलपुर के ग्वारीघाट पर हर शाम एक अनोखी क्लास लगती है। यहां दिनभर काम करने वाले करीब 200 बच्चे शाम को पढ़ाई के लिए इकट्ठा होते हैं। नर्मदा आरती के बाद बच्चे घाट की सीढ़ियों पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। उन्हें पढ़ाने की जिम्मेदारी एक शिक्षक ने अपने स्तर पर संभाली है। इन बच्चों में कई दुकानों और ठेलों पर काम करते हैं। इस पहल की चर्चा देशभर में हो रही है। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस भी इस पहल के समर्थन में आगे आए हैं। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. महिला दिवस पर आत्मरक्षा के लिए हथियार उठा रहीं महिलाएं ग्वालियर-चंबल संभाग में महिलाओं की तस्वीर तेजी से बदल रही है। आत्मरक्षा के लिए अब बड़ी संख्या में महिलाएं लाइसेंसी हथियार रख रही हैं। आंकड़ों के अनुसार संभाग में करीब 600 महिलाओं के पास वैध हथियारों का लाइसेंस है। महिला दिवस के मौके पर यह बदलाव चर्चा में रहा। कई महिलाएं सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए हथियार रखने को जरूरी मानती हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत लाइसेंस दिए जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. MP में कल से 8 हजार डॉक्टर हड़ताल पर मध्य प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत करीब 8 हजार जूनियर डॉक्टर सोमवार से हड़ताल पर रहेंगे। लंबित स्टाइपेंड संशोधन लागू नहीं होने के विरोध में उन्होंने आंदोलन तेज कर दिया है। रविवार को प्रदेशभर के मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों ने ‘जस्टिस मार्च’ निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। उनका कहना है कि लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग लंबित है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। डॉक्टरों की हड़ताल से सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:इंदौर में मिसाइलों से उड़ा गुलाल, आग में घिरा व्यापारी का परिवार, बहू की मौत; मार्च में अप्रैल जैसी गर्मी
