MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:मैराथन में आई मौत, बीजेपी के बजट कार्यक्रम में फेंकी कुर्सियां; रिटायर्ड फौजी को बोनट पर लटकाया

Spread the love

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. मैराथन में फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले गिरा युवक, मौत
इंदौर में रविवार को मैराथन के दौरान एक युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान आर्यन तोदी के रूप में हुई है, जो कोलकाता का रहने वाला था। नेहरू स्टेडियम के फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले उसकी तबीयत बिगड़ गई। वह स्टेडियम के बाहर ही गिर पड़ा। एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मैराथन में 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। पढ़ें पूरी खबर… 2. UGC के नियमों के विरोध में भारत बंद, तोड़फोड़; दुकानदार को पीटा UGC के नए नियमों के विरोध में बुलाया गया भारत बंद उस समय उग्र हो गया, जब शिवपुरी में बीजेपी के बजट कार्यक्रम में प्रदर्शनकारियों ने घुसकर नारेबाजी की। उन्होंने कुर्सियां फेंकी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष को कार्यक्रम स्थल से भागना पड़ा। वहीं, नरवर कस्बे में दुकान नहीं बंद की तो प्रदर्शनकारियों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर दी। पढ़ें पूरी खबर… 3. नीमच-मंदसौर में गिरे ओले, बड़े शहरों में पारा 12 डिग्री के पार मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को बारिश, आंधी और घने कोहरे का असर देखने को मिला। नीमच और मंदसौर में ओले गिरे। वहीं, बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा और बादल बने रह सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर… 4. पशु से दुष्कर्म के वीडियो पर भड़की हिंसा, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा बैतूल में पशु से दुष्कर्म का वीडियो सामने आने के बाद आक्रोशित लोगों ने दो दुकानें जला दीं। इनमें से एक आरोपी की दुकान है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। भैंसदेही, चिचोली और मोहदा थानों का पुलिस बल मौके पर भेजा गया, तब हालात काबू में आए। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। पढे़ं पूरी खबर… 5. रिटायर्ड फौजी को बोनट पर लटकाकर घुमाई कार, सड़क पर फेंककर भागे युवक ग्वालियर में युवकों ने रिटायर्ड फौजी कल्याण किशोर कांत शर्मा को कार के बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक घुमाया। फिर सड़क पर फेंककर भाग निकले। शर्मा की कार युवकों की कार से टकरा गई थी। आरोपी कार लेकर भागने लगे। उन्हें रोकने के प्रयास में शर्मा कार के सामने खड़े हो गए। आरोपियों ने उन्हें टक्कर मार दी। वे उछलकर कार के बोनट पर गिर पड़े। पढ़ें पूरी खबर… 6. भोपाल में गोमांस मिलने पर प्रदर्शन, सामूहिक मुंडन करा दी चेतावनी
भोपाल में 26.5 टन गोमांस मिलने के मामले में विरोध तेज हो गया है। शीतलदास की बगिया में प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम का प्रतीकात्मक पिंडदान किया। 30 से अधिक युवकों ने सामूहिक मुंडन कराया। दोषी कर्मचारियों की बर्खास्तगी की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और उग्र होगा। पढ़ें पूरी खबर 7. जबलपुर में सैक्स रैकेट पकड़ाया, उज्बेकिस्तान से आई थी युवती
जबलपुर पुलिस ने देह व्यापार पर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक उज्बेकिस्तान की रहने वाली है। दूसरी महिला अपने पति के इशारे पर विदेशी महिलाओं को लाकर यहां रहने वाले अमीर लोगों से सौदा करती थी। गिरोह का सरगना शिव चौधरी मौके से फरार हो गया। पढे़ं पूरी खबर… पॉजिटिव खबर
8. इंदौर के RTO अधिकारी ने 6,962 मीटर ऊंचे माउंट अकोंकागुआ पर फहराया तिरंगा इंदौर के RTO अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने एशिया के बाहर की सबसे ऊंची चोटी माउंट अकोंकागुआ पर भारतीय तिरंगा फहराया है। वे देश के पहले RTO अधिकारी बने हैं, जिन्होंने 6,962 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई पूरी की है। उनकी इस उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और हाई रेंज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पढे़ं पूरी खबर… खबर जरा हटके
9. चायवाले ने देशभक्ति का जज्बा जगाने लोगों को दिखाई ‘बॉर्डर-2’, पहले ‘गदर-2’ भी दिखाई थी
खरगोन के कसरावद में चाय दुकानदार विजय वर्मा ने अपने पैसे खर्च कर लोगों को ‘बॉर्डर-2’ फिल्म दिखाई। इसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना जगाना था। विजय प्रतिदिन 600-700 रुपए कमाते हैं। वह एक्टर सनी देओल की देशभक्ति फिल्मों के बड़े प्रशंसक हैं। 2023 में उन्होंने ‘गदर-2’ की रिलीज के पहले दिन भी 38,000 रुपए खर्च कर लोगों को फिल्म दिखाई थी। पढ़ें पूरी खबर… कल का बिग इवेंट
10. खजुराहो में जीतू पटवारी का शक्ति प्रदर्शन, बुंदेलखंड के 6 जिलों के कांग्रेस नेताओं की बैठक लेंगे
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी खजुराहो में बुंदेलखंड के छह जिलों की संगठनात्मक बैठकें लेंगे। टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सागर और निवाड़ी की जिला समन्वय समितियों, नए ब्लॉक अध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों के साथ चर्चा करेंगे। बैठक में संगठन विस्तार, समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति पर फोकस रहेगा।