MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:मौसेरे भाई ने नर्स को 3 गोलियां मारीं, दंपती ने किया हाईवे जाम, छात्राओं पर कटर से हमला करने वाला गिरफ्तार

Spread the love

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला करने वाला गिरफ्तार भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पत्नी से चल रहे घरेलू विवाद के कारण मानसिक रूप से असंतुलित हो गया था। इसी तनाव में उसने अलग-अलग इलाकों में छात्राओं को निशाना बनाया। हमलों के बाद शहर में डर का माहौल बन गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने वारदातें कबूल की हैं। पढ़ें पूरी खबर 2. ‘घूसखोर पंडत’ टाइटल पर बवाल: फिल्म मेकर के चेहरे पर कालिख पोतने की चेतावनी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के टाइटल को लेकर उज्जैन में विवाद गहराता जा रहा है। ब्राह्मण समाज ने फिल्म नाम को अपमानजनक बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों का कहना है कि टाइटल से पूरे समुदाय की छवि को ठेस पहुंचती है। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म का नाम नहीं बदला गया तो मेकर के चेहरे पर कालिख पोती जाएगी। रिलीज से पहले ही फिल्म विवादों में घिर गई है। प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई है, जबकि मेकर की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पढ़ें पूरी खबर 3. नशे में रैगिंग की हद: जीवाजी यूनिवर्सिटी में सीनियर छात्र की बेरहमी से पिटाई ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में फार्मेसी छात्रों ने सीनियर छात्र की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ। पीड़ित छात्र का आरोप है कि आरोपी नशे की हालत में थे और उसके साथ रैगिंग की गई। उसने पुलिस में शिकायत की, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित कोर्ट पहुंचा। मामले ने यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र संगठनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर 4. कड़ाके की ठंड का कहर: ग्वालियर समेत 8 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे मध्यप्रदेश में ठंड ने एक बार फिर लोगों को परेशान कर दिया है। ग्वालियर समेत 8 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजगढ़ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 7 डिग्री तक पहुंच गया। करीब 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। सुबह और रात के समय सर्द हवाओं ने परेशानी बढ़ाई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का असर बने रहने की संभावना जताई है। पढ़ें पूरी खबर 5. दोस्ती से ब्लैकमेलिंग तक: युवती ने युवक को बंधक बनाकर न्यूड वीडियो बनवाए मैहर में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती युवक के लिए भारी पड़ गई। युवती ने उसे पुणे से बुलाया और न्यूड वीडियो बनवाए। इसके बाद युवक को बंधक बनाकर साथियों से पिटवाया गया। आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 56 हजार रुपए भी वसूले गए। पीड़ित किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस के पास पहुंचा। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने ऑनलाइन दोस्ती और ब्लैकमेलिंग के खतरों को उजागर किया है। पढ़ें पूरी खबर 6. एकतरफा प्यार में खून: मौसेरे भाई ने नर्स को 3 गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट सागर में नर्स की हत्या के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। नर्स की हत्या उसके मौसेरे भाई ने एकतरफा प्यार में की थी। आरोपी ने नर्स पर तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो पीठ को चीरते हुए दिल तक पहुंचीं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया है। लंबे समय से वह नर्स को परेशान कर रहा था। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर 7. 13 दिन में दूसरी वारदात: मंदसौर में गौवंश का कटा सिर-पैर मिला, चक्काजाम मंदसौर में 13 दिन के भीतर दूसरी बार गौवंश का कटा हुआ सिर और पैर मिलने से तनाव की स्थिति बन गई। घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना को लेकर इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. उज्जैन को मिलेगा छप्पन जैसा फूड हब: ‘नैवेद्य लोक’ अंतिम चरण में उज्जैन में शहर का पहला फूड जोन ‘नैवेद्य लोक’ बनकर तैयार होने वाला है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। यह फूड जोन इंदौर की छप्पन दुकान की तर्ज पर विकसित किया गया है। यहां कुल 34 फूड स्टॉल होंगे, जहां विभिन्न प्रकार के स्ट्रीट फूड उपलब्ध रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि इससे पर्यटकों को एक ही स्थान पर अलग-अलग स्वाद मिल सकेंगे। स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. अस्पताल से निकालने पर उज्जैन-देवास रोड पर दंपती ने किया हाईवे जाम
उज्जैन में अस्पताल से निकाले गए एक दंपती ने बच्चों और घर के सामान के साथ उज्जैन-देवास रोड पर हाईवे जाम कर दिया। सड़क पर बैठने से यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। दंपती का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के दौरान उन्हें बाहर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश शुरू की। काफी देर बाद जाम खुलवाया गया। घटना के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट
10. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में MP के छात्र होंगे वर्चुअली कनेक्ट
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 6 फरवरी को देश के विद्यार्थियों के साथ परीक्षा पे चर्चा करेंगे। मध्य प्रदेश के सभी विद्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन कर वर्चुअली बच्चों को कनेक्ट किया जाएगा।