MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास 1. अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सामने दंपती ने खुद को आग लगाई, दोनों इंदौर रेफर देवास के खातेगांव के सतवास में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने पति-पत्नी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। घटना के बाद लोगों ने चक्काजाम किया। कलेक्टर ने कार्रवाई करते हुए तहसीलदार को कलेक्टर कार्यालय में अटैच कर दिया। पढ़ें पूरी खबर 2. नाबालिग से छेड़छाड़ पर हंगामा, दुकानों में तोड़फोड़-आगजनी, आरोपी को पकड़ा
उज्जैन के महिदपुर रोड क्षेत्र में 16 वर्षीय लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी ऑटो चालक जुबेर मंसूरी को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा। विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन हुआ, दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। आरोपी के मोबाइल से संदिग्ध वीडियो मिलने की जांच चल रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पढ़ें पूरी खबर 3. न्यू ईयर पार्टी के लिए भोपाल में घर बनेगा ‘बार’: ₹500 में लाइसेंस, होटलों पर ₹2 लाख तक फीस न्यू ईयर पर भोपाल में घर पर पार्टी करने वालों को ₹500 में एक दिन का शराब लाइसेंस मिलेगा। आबकारी विभाग ऑनलाइन लाइसेंस जारी करेगा। मैरिज गार्डन, सार्वजनिक स्थल, होटल और रेस्टोरेंट में भीड़ के अनुसार लाइसेंस फीस ₹5 हजार से ₹2 लाख तक तय की गई है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को भी लाइसेंस लिए जा सकेंगे। 350 से ज्यादा होटल-ढाबों को अनुमति मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर 4. अयोध्या बायपास पर पेड़ कटाई पर ब्रेक: 7871 पेड़ों की कटाई पर NGT की 8 जनवरी तक रोक
भोपाल के अयोध्या बायपास को 10 लेन बनाने के लिए 7871 पेड़ों की कटाई पर एनजीटी ने 8 जनवरी तक रोक लगा दी है। यह आदेश पर्यावरणविद् नितिन सक्सेना की याचिका पर दिया गया। एनएचएआई परियोजना के तहत पेड़ कटवा रहा था, जिसके विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पर्यावरणविदों ने इसे हरियाली के लिए गंभीर खतरा बताया है। पढ़ें पूरी खबर 5. रतलाम में बड़ा हादसा: स्कूल वैन पलटी, 15 बच्चे घायल; ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू रतलाम के ढोढर के पास बुधवार को स्कूल वैन पलटने से 15 बच्चे घायल हो गए। स्टीयरिंग फेल होने से वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े और रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुछ बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें जावरा रेफर किया गया है। पढ़ें पूरी खबर 6. एमपी में कड़ाके की ठंड–कोहरे की मार: पचमढ़ी सबसे ठंडा, ट्रेनें प्रभावित
मध्यप्रदेश में ठंड और घने कोहरे का असर बढ़ गया है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रिकॉर्ड हुआ, जबकि नौगांव 7 डिग्री के साथ दूसरे नंबर पर रहा। इंदौर में 8 और भोपाल में 9.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कई शहरों में कोहरे से विजिबिलिटी घटी, जिससे ट्रेनों और जनजीवन पर असर पड़ा। मौसम विभाग ने सर्दी बढ़ने की चेतावनी दी है। पढ़ें पूरी खबर 7. पांच साल का प्यार, 8 दिन की शादी और दर्दनाक अंत: पत्नी न लौटी तो युवक ने दे दी जान
खंडवा में लव मैरिज के बाद पत्नी के मायके से न लौटने से आहत 22 वर्षीय रोहित जाधव की इलाज के दौरान मौत हो गई। रोहित ने सल्फास खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। शादी के 8 दिन बाद पत्नी मायके गई थी, जहां ससुराल वालों ने वापस भेजने से इनकार कर दिया। 6 दिन तक भूखे रहने के बाद रोहित ने जहर खाया था। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. MP में पहली बार ‘मुख्यमंत्री पोषण मार्ट’: राशन के साथ मिलेगा हर रोजमर्रा का सामान मध्य प्रदेश में राशन दुकानों को पहली बार ‘मुख्यमंत्री पोषण मार्ट’ के रूप में विकसित किया जाएगा। अब केवल गेहूं, चावल और शक्कर नहीं, बल्कि किराना और जनरल स्टोर जैसी रोजमर्रा की जरूरत की हर सामग्री एक ही जगह उपलब्ध होगी। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सुविधाजनक तरीके से सामान खरीद पाएंगे। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके
9. राजगढ़ में अफसरों की देरी पर सांसद ने मंच से उतरकर पैर छूकर जताई नाराजगी
राजगढ़ के कुंडीबेह गांव में जल अर्पण कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर को अफसरों की देरी से करीब डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। नाराज सांसद ने मंच से उतरकर अफसरों के पैर छूकर उन्हें चेतावनी दी। उन्होंने कहा, केवल इवेंट करने से काम नहीं होता, जमीन पर कार्रवाई जरूरी है। कार्यक्रम में जल जीवन मिशन और जल निगम के अधिकारी देर से पहुंचे थे। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट
10. कल केंद्रीय गृह मंत्री शाह आएंगे रीवा, किसानों से करेंगे संवाद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रीवा दौरा कल (25 दिसंबर) है। अटल पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया गया है। अब उनका पूरा फोकस बसामन मामा गोवंश ग्राम और किसान सम्मेलन पर होगा। गृह मंत्री यहां गौशालाओं का अवलोकन करेंगे और किसानों से जैविक खेती, गोपालन और आय बढ़ाने के तरीकों पर संवाद करेंगे।
MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:दंपती ने खुद को लगाई आग, सांसद ने छुए अफसरों के पैर; न्यू ईयर पार्टी के लिए घर में बना सकेंगे बार
