MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:बच्चों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, प्लेन में बच्चे की तबीयत बिगड़ी, इंदौर में मौत, श्रद्धालुओं की वैन में आग

Spread the love

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. फ्लाइट में बच्चे की तबीयत बिगड़ी, इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग: मौत जयपुर से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1240 की इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार एक साल के बच्चे की उड़ान के दौरान तबीयत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। सूचना मिलते ही पायलट ने विमान इंदौर उतारा। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर 2. गुना में सरपंच के बेटे की दबंगई: क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश
गुना जिले की मधुसूदनगढ़ तहसील के जांगरू गांव में सरपंच पुत्र की दबंगई सामने आई है। स्कूल के खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों को उसने धमकाया और ट्रैक्टर का पंजा चलाकर पिच को तहस-नहस कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर बच्चों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश भी की गई। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया। पढ़ें पूरी खबर 3. सतना में मैहर जा रहे श्रद्धालुओं की वैन में आग: ड्राइवर गंभीर झुलसा सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मैहर दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं की ओमनी कार में आग लग गई। पौड़ी गांव के पास स्टीयरिंग जाम होने से कार पेड़ से टकराई और जल उठी। हादसे में चालक कृष्ण पाल कुशवाहा गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि तीन श्रद्धालुओं को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायल पन्ना जिले के देवेंद्रनगर के निवासी हैं। पढ़ें पूरी खबर 4. इंदौर दूषित पानी कांड पर सीएम बोले- हम आंकड़ों में नहीं पड़ रहे
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों की संख्या 20 हो गई है, जबकि सरकार ने हाईकोर्ट में सिर्फ चार मौतें दर्ज की हैं। 18 मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए मुआवजा दिया जा चुका है। बुधवार को मुआवजा सूची में दो नए नाम जोड़े गए। वहीं, ड्रेनेज लाइन के काम वाले क्षेत्र में नर्मदा लाइन चालू होते ही पानी लीक हो गया, जिससे कॉलोनी और दुकानों में पानी भर गया। पढ़ें पूरी खबर 5. ग्वालियर में पुरानी रंजिश के बाद छात्र को मारी गोली: हमलावर स्कूल-कॉलेज के छात्र ग्वालियर में दो साल पुरानी रंजिश को लेकर स्कूली छात्रों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद के बाद 12वीं के छात्र पर हमउम्र छात्रों ने हमला कर फायरिंग कर दी। गोली छात्र की पिंडली के पास लगी। घायल को दोस्त अपोलो हॉस्पिटल ले गए, जहां इलाज जारी है। घटना डीडी नगर महाराजपुरा की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर 6. एमपी में सबसे ठंडा उमरिया…तापमान 3.9 डिग्री: दिल्ली से आने वाली 1 दर्जन ट्रेनें लेट
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर जारी है। रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है, उमरिया में न्यूनतम 3.9 डिग्री दर्ज किया गया। कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ठंड के चलते इंदौर सहित कई जिलों में स्कूल बंद रहे। मौसम विभाग ने भोपाल समेत चार जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर 7. सतना में होमवर्क नहीं करने पर टीचर ने बच्ची को पीटा, गिरने से हाथ में फ्रैक्चर
सतना के अमौधा स्थित निजी सीएमए विद्यालय में यूकेजी की छात्रा को होमवर्क पूरा न करने पर लेडी टीचर ने थप्पड़ मार दिया। गिरने से बच्ची का हाथ फ्रैक्चर हो गया और प्लास्टर चढ़ाना पड़ा। परिजन को बुधवार सुबह जानकारी मिली, जिसके बाद पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोपी शिक्षिका पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर 8. चाइनीज मांझे से बचने पुलिस ने प्रोटेक्टर लगाए: दोपहिया वाहन चालकों के लिए अभियान चाइनीज मांझे से बढ़ती घटनाओं को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने दुपहिया वाहनों में एंटी डोर प्रोटेक्टर लगाने का अभियान शुरू किया है। यह मुहिम मकर संक्रांति तक चलेगी। बुधवार को हरिफाटक चौराहे पर यातायात पुलिस यह सुरक्षा तार लगाएगी। बीते तीन महीनों में चाइनीज मांझे से गला कटने के आठ गंभीर मामले सामने आ चुके हैं, जिन पर नियंत्रण के लिए यह कदम उठाया गया है। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. पुणे की रिटायर्ड महिलाएं साइकिल से नर्मदा परिक्रमा पर निकलीं
पुणे की दो सेवानिवृत्त महिलाएं साइकिल से नर्मदा परिक्रमा कर रही हैं। ओंकारेश्वर से शुरू हुई यात्रा के दौरान वे मंगलवार को खरगोन पहुंचीं। 66 वर्षीय हेमलता राव और 62 वर्षीय जयश्री जाधव ने सेवा और सम्मान पर खुशी जताई। कसरावद में उनका भव्य स्वागत हुआ। दोनों महिलाएं प्रतिदिन लगभग 60 किलोमीटर साइकिल चलाती हैं और जीवनभर की व्यस्तता के बाद सुकून भरी यात्रा करके अन्य महिलाओं को प्रेरित करना चाहती हैं। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. हजारों पेड़ों को लेकर NGT में होगी सुनवाई
भोपाल के अयोध्या बायपास पर हजारों पेड़ों को लेकर गुरुवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल (एनजीटी) में सुनवाई होगी। 10 लेन सड़क निर्माण के लिए एनएचएआई द्वारा बड़ी संख्या में पेड़ काटे जा चुके हैं, जबकि बचे पेड़ों को बचाने की मांग उठ रही है। पर्यावरणविद् लगातार इस मुद्दे पर सक्रिय हैं और पहले ‘चिपको आंदोलन’ भी कर चुके हैं।