सोनीपत में चलती कार में लगी आग, VIDEO:शॉर्ट सर्किट से हादसा, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान; गांव से रेलवे स्टेशन जा रहा था

Spread the love

सोनीपत शहर के व्यस्त क्षेत्रों में शामिल सारंग रोड पर बुधवार उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती इको वैन में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। सड़क पर उठती लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। स्थानीय लोगों ने भी मानवता का परिचय देते हुए आग बुझाने में भरपूर सहयोग किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। अचानक उठा धुआं, चंद मिनटों में भड़की आग
जानकारी के अनुसार घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारंग रोड की है। HR-10 AZ-8777 नंबर की इको गाड़ी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं लपटों में बदल गया और पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। इको गाड़ी में लगी आग की अलग-अलग तस्वीर देखिए… रेलवे स्टेशन जा रहा था ड्राइवर
जानकारी के मुताबिक मुरथल के जैनपुर टकोला गांव के रहने वाले विक्की अपने गांव से सोनीपत रेलवे स्टेशन की ओर आ रहा था। सारंग रोड पर पहुंचते ही गाड़ी में तकनीकी खराबी के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। ड्राइवर ने तुरंत हालात भांपते हुए गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
घटना स्थल के आसपास रिहायशी मकान होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि स्थानीय निवासियों ने घबराने की बजाय साहस दिखाया। एक मकान से समर्सिबल पंप चलाकर पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया गया। लोगों की इस तत्परता से आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं हरियाणा पुलिस के अंतर्गत सिविल लाइन थाना की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पूरी तरह जलकर खाक हुई गाड़ी
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से इको गाड़ी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और आग बुझा दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।