‘जटाधरा’ का मोशन पोस्टर जारी करते हुए निर्माताओं ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, “जटाधारा की शक्ति प्रकट होगी। दिव्यता के लिए तैयार हो जाइए। जटाधारा का ट्रेलर 17 अक्टूबर को रिलीज होगा।”
पोस्टर में सोनाक्षी सिन्हा का रौद्र रूप एक बार फिर सबका ध्यान खींच रहा है। उनकी आंखों में तीव्रता और चेहरे पर दिव्य आभा फिल्म के रहस्यमय वातावरण की झलक देती है। वहीं सुधीर बाबू अपने किरदार में बेहद प्रभावशाली नज़र आ रहे हैं, गले में रुद्राक्ष की माला, माथे पर तिलक, और हाथ में त्रिशूल थामे वे एक दिव्य योद्धा के रूप में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म के निर्देशक वेंकट कल्याण और अभिषेक जायसवाल ने बताया है कि ‘जटाधरा’ केवल एक फिल्म नहीं बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव है, जिसमें भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ पेश किया गया है। कहानी में रहस्य, शक्ति और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी, विजुअल इफेक्ट्स और बैकग्राउंड स्कोर पर खास ध्यान दिया गया है ताकि दर्शक कहानी की गहराई में खो जाएं। सोनाक्षी और सुधीर की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर साथ दिखेगी, जो दर्शकों के लिए एक नई और दिलचस्प केमिस्ट्री लेकर आ रही है।
गौरतलब है कि ‘जटाधरा’ 7 नवंबर, 2025 को तेलुगु और हिंदी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म के ट्रेलर से पहले ही जिस तरह का माहौल बना है, उससे साफ है कि ‘जटाधरा’ दिवाली सीजन में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है।
